‘कांतारा’ विवाद के बीच मैसूर पहुंचे रणवीर सिंह: हाईकोर्ट के आदेश पर किए चामुंडेश्वरी मंदिर के दर्शन, आम श्रद्धालुओं की तरह लाइन में लगे

1 घंटा पहले
हाईकोर्ट के आदेश पर किए चामुंडेश्वरी मंदिर के दर्शन, आम श्रद्धालुओं की तरह लाइन में लगे

बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह मंगलवार सुबह कर्नाटक के मैसूर स्थित प्रसिद्ध चामुंडेश्वरी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विशेष पूजा-अर्चना कर देवी चामुंडेश्वरी के दर्शन किए। यह दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब अभिनेता ‘कांतारा’ फिल्म के दैवा सीन की मिमिक्री को लेकर विवादों में घिरे हुए हैं। कर्नाटक हाई कोर्ट ने उन्हें मामले में राहत देते हुए मंदिर जाकर दर्शन करने का निर्देश दिया था, जिसके पालन में वह मैसूर पहुंचे।

मंगलवार सुबह रणवीर सिंह मुंबई से मैसूर पहुंचे और बिना किसी वीआईपी सुविधा के मंदिर परिसर में प्रवेश किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने आम श्रद्धालुओं की तरह कतार में खड़े होकर दर्शन किए। मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश से पहले उन्होंने चेहरे से मास्क हटाया और देवी के समक्ष विशेष प्रार्थना की। अभिनेता खाली हाथ मंदिर पहुंचे थे और उन्होंने सादगीपूर्ण तरीके से पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी उन्हें देखकर उत्साह जताया, हालांकि रणवीर ने किसी प्रकार की सार्वजनिक प्रतिक्रिया देने से बचते हुए सीधे पूजा पर ध्यान केंद्रित रखा।

‘कांतारा’ की मिमिक्री से शुरू हुआ विवाद

दरअसल, यह पूरा मामला पिछले वर्ष गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के समापन समारोह से जुड़ा है। समारोह के दौरान रणवीर सिंह ने सुपरहिट फिल्म कांतारा के चर्चित ‘दैवा’ सीन की मंच पर प्रस्तुति दी थी। इस सीन में मूल रूप से अभिनेता और निर्देशक ऋषभ शेट्टी नजर आए थे। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कन्नड़ समुदाय के कई संगठनों ने इसे सांस्कृतिक भावनाओं से जुड़ा मुद्दा बताते हुए नाराजगी जताई। इसके बाद अभिनेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले में राहत पाने के लिए रणवीर सिंह ने फरवरी 2026 में कर्नाटक हाई कोर्ट का रुख किया था। कोर्ट ने उनके खिलाफ किसी भी दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगा दी थी। बाद में रणवीर ने बिना शर्त माफी मांगते हुए कहा था कि उनका उद्देश्य केवल ऋषभ शेट्टी की शानदार एक्टिंग की सराहना करना था, किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं।

‘डान-थ्री’ विवाद के बीच बढ़ी मुश्किलें

रणवीर सिंह का यह मंदिर दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब वे एक अन्य बड़े विवाद में भी फंसे हुए हैं। फिल्म इंडस्ट्री की संस्था FWICE ने हाल ही में उनके खिलाफ असहयोग निर्देश जारी किया है। आरोप है कि अभिनेता ने फिल्म डान-थ्री से ऐन वक्त पर खुद को अलग कर लिया, जिससे निर्माता-निर्देशक फरहान अख्तर और फिल्म से जुड़े निर्माताओं को भारी आर्थिक नुकसान हुआ। बताया जा रहा है कि इस फैसले से करीब 45 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। ऐसे में मैसूर मंदिर में रणवीर का पहुंचना अब फिल्म इंडस्ट्री और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।