‘बीवी नंबर-1’ के गानों पर छिड़ी कानूनी जंग: वासु भगनानी का डेविड धवन पर केस, 400 करोड़ का मांगा हर्जाना

बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में एक बार फिर कॉपीराइट और म्यूजिक राइट्स को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। मशहूर फिल्म निर्माता वासु भगनानी की प्रोडक्शन कंपनी पूजा एंटरटेनमेंट ने टिप्स इंडस्ट्रीज और फिल्म निर्देशक डेविड धवन के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में 400 करोड़ रुपए का मुकदमा दायर किया है। यह पूरा विवाद अभिनेता वरुण धवन की आगामी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में वर्ष 1999 की सुपरहिट फिल्म ‘बीवी नंबर-1’ के चर्चित गानों ‘चुनरी चुनरी’ और ‘इश्क सोना है’ के इस्तेमाल को लेकर खड़ा हुआ है।
पूजा एंटरटेनमेंट का आरोप है कि टिप्स इंडस्ट्रीज के पास इन गानों के केवल ऑडियो राइट्स हैं। जबकि विजुअल राइट्स कंपनी के पास सुरक्षित हैं। याचिका में कहा गया है कि बिना अनुमति इन गानों को रीक्रिएट कर फिल्म में इस्तेमाल किया गया है। जो कॉपीराइट कानून का उल्लंघन है। कंपनी ने अदालत से फिल्म की रिलीज, डिस्ट्रीब्यूशन और ओटीटी स्ट्रीमिंग पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। साथ ही फिल्म का टाइटल बदलने की भी अपील की गई है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो अतिरिक्त 100 करोड़ रुपए का हर्जाना भी वसूला जाएगा।
‘चुनरी चुनरी’ और ‘इश्क सोना है’ बना विवाद की वजह
डेविड धवन के निर्देशन में बनी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ आगामी पांच जून 2026 को रिलीज होने वाली है। फिल्म में पुराने सुपरहिट गानों को नए अंदाज में पेश किया गया है। इसी को लेकर विवाद शुरू हुआ है। पूजा एंटरटेनमेंट की ओर से अदालत में दाखिल याचिका में दावा किया गया है कि साल 2018 में टिप्स इंडस्ट्रीज ने विजुअल राइट्स लेने के लिए ईमेल के जरिए संपर्क किया था। दोनों पक्षों के बीच किसी तरह की सहमति नहीं बन सकी थी। वासु भगनानी के वकील वीके दुबे एंड एसोसिएट्स ने कहा कि उस दौर में फिल्मों और गानों के अधिकार लिखित समझौतों के आधार पर तय होते थे। ऐसे में केवल ऑडियो राइट्स होने का मतलब विजुअल इस्तेमाल की अनुमति नहीं माना जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि टिप्स के पास कानूनी अधिकार हैं तो उन्हें अदालत में वैध दस्तावेज पेश करने होंगे।
टिप्स इंडस्ट्रीज ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं दूसरी ओर टिप्स इंडस्ट्रीज के प्रमुख रमेश तौरानी ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। कंपनी की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि उनके पास इन गानों के म्यूजिक और ऑडियो राइट्स पूरी तरह वैध और कानूनी रूप से मौजूद हैं। कंपनी ने कहा कि वह अदालत में अपना पक्ष मजबूती से रखेगी और लगाए गए आरोप तथ्यहीन हैं। इस विवाद के बीच वासु भगनानी ने एक वीडियो जारी कर नाराजगी भी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि मामला अदालत में विचाराधीन होने के बावजूद फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया गया। यह दावा किया गया कि विवाद सुलझ चुका है। जबकि उनसे किसी ने संपर्क तक नहीं किया है। भगनानी ने इसे कानूनी प्रक्रिया की अनदेखी बताया और कहा कि बिना अनुमति विजुअल्स का इस्तेमाल अदालत की अवमानना की श्रेणी में आ सकता है।
इंडस्ट्री में फिर उठे कॉपीराइट सुरक्षा के सवाल
इस पूरे विवाद ने एक बार फिर बॉलीवुड में म्यूजिक और विजुअल राइट्स की पारदर्शिता को लेकर बहस तेज कर दी है। फिल्म इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि पुराने गानों के रीमिक्स और रीक्रिएशन के बढ़ते चलन के बीच कॉपीराइट नियमों को लेकर स्पष्टता और कानूनी सतर्कता बेहद जरूरी हो गई है। अब सभी की नजर बॉम्बे हाईकोर्ट की अगली सुनवाई पर टिकी है। जहां इस हाई-प्रोफाइल विवाद पर अहम फैसला सामने आ सकता है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









