पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्या: छह दिन बाद नहर में मिली बॉडी, गनपॉइंट पर अगवा करने का आरोप

19 मई 2026
छह दिन बाद नहर में मिली बॉडी, गनपॉइंट पर अगवा करने का आरोप

लुधियाना में पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर की हत्या के मामले ने पूरे पंजाब को झकझोर दिया है। छह दिन से लापता चल रही 29 वर्षीय सिंगर की बॉडी सोमवार सुबह नीलो नहर से बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। परिवार ने आरोप लगाया है कि कनाडा में रहने वाला एक एनआरआई युवक जबरन शादी का दबाव बना रहा था। मना करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इंदर का अपहरण कर हत्या कर दी।

मृतका के भाई जोतइंदर सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि 13 मई की शाम इंदर अपनी सफेद रंग की फोर्ड फिगो कार से बाजार में घरेलू सामान लेने गई थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान परिवार को पता चला कि इंदर की दोस्ती मोगा निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा से थी, जो फिलहाल कनाडा में रहता है। परिजनों का आरोप है कि 13 मई की रात सुखविंदर सिंह, उसके पिता प्रीतम सिंह और अन्य साथियों ने इंदर को गनपॉइंट पर अगवा कर लिया। परिवार का दावा है कि आरोपी विशेष रूप से हत्या की योजना बनाकर कनाडा से नेपाल के रास्ते पंजाब पहुंचा था और वारदात के बाद उसी रास्ते वापस भाग गया।

शादी से इनकार के बाद बढ़ा विवाद

परिवार के अनुसार, इंदर और सुखविंदर की पहचान करीब पांच साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और आरोपी अक्सर घर भी आता-जाता था। बाद में इंदर को पता चला कि सुखविंदर पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। इसके बाद उसने शादी से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर सुखविंदर लगातार उस पर दबाव बना रहा था। रिश्तेदारों का कहना है कि आरोपी मार्च महीने तक शादी का भरोसा देता रहा, लेकिन बाद में सच सामने आने पर विवाद गहरा गया। परिवार का आरोप है कि इसी खुन्नस में इंदर को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।

नहर से पहले कार मिली, फिर बॉडी बरामद

पुलिस जांच के दौरान रविवार को नीलो नहर के पास से इंदर की कार बरामद हुई थी। इसके बाद सोमवार सुबह उसी इलाके से उसकी बॉडी भी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। एसीपी इंद्रजीत बोपाराय ने बताया कि मामले में पहले अपहरण का केस दर्ज किया गया था, लेकिन अब बॉडी मिलने के बाद हत्या की धाराएं भी जोड़ी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह जांच की जा रही है कि वास्तव में गनपॉइंट पर किडनैपिंग हुई थी या नहीं। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह अभी फरार है।

परिवार में मातम, पुलिस पर कार्रवाई का दबाव

इंदर कौर के माता-पिता और दो भाई दक्षिण कोरिया में रहते हैं, जबकि एक भाई लुधियाना में ही रह रहा है। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है। रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। गौरतलब है कि इंदर कौर ने करीब पांच साल पहले सिंगिंग छोड़ दी थी और वह बुटीक व मेकअप आर्टिस्ट के तौर पर काम कर रही थीं। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाली इंदर की मौत ने मनोरंजन जगत और उनके प्रशंसकों को भी स्तब्ध कर दिया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

वेबसाइट पर ही पढ़ें