‘काला हिरण’ फिल्म पर विवाद गहराया: सलमान खान की ओर से लीगल नोटिस भेजे जाने का दावा, प्रोडक्शन और प्रमोशन रोकने की मांग

1 घंटा पहले
सलमान खान की ओर से लीगल नोटिस भेजे जाने का दावा, प्रोडक्शन और प्रमोशन रोकने की मांग

सलमान खान से जुड़े काले हिरण शिकार प्रकरण पर प्रस्तावित फिल्म ‘काला हिरण’ के निर्माण को लेकर विवाद शुरू हो गया है। यह फिल्म अपनी रिलीज से पहले ही सुर्खियों में है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म के निर्माताओं को सलमान खान की ओर से लीगल नोटिस भेजा गया है। नोटिस में फिल्म के निर्माण, प्रचार-प्रसार और इससे जुड़ी अन्य गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से रोकने की मांग की गई है। इस घटनाक्रम के बाद फिल्म उद्योग और कानूनी हलकों में नई बहस शुरू हो गई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान खान की ओर से लॉ फर्म डीएसके लीगल ने कास्टिंग डायरेक्टर अक्षय पांडे को 24 अप्रैल 2026 को नोटिस जारी किया। नोटिस में कहा गया है कि प्रस्तावित फिल्म कथित रूप से काला हिरण शिकार मामले और उससे जुड़े विवादों पर आधारित है। जो वर्तमान में कोर्ट में विचाराधीन है। सलमान की कानूनी टीम का तर्क है कि इस तरह की प्रस्तुति से अभिनेता की सार्वजनिक छवि प्रभावित हो सकती है। उनके व्यक्तिगत और कानूनी अधिकारों का उल्लंघन हो सकता है।

फिल्म के कंटेंट पर उठे सवाल

सलमान खान की लीगल टीम ने स्पष्ट किया है कि अभिनेता ने अपने नाम, व्यक्तित्व, पहचान या उनसे जुड़े किसी भी विवादित घटनाक्रम के उपयोग की अनुमति नहीं दी है। नोटिस में यह भी कहा गया है कि फिल्म की कहानी यदि किसी लंबित न्यायिक मामले से प्रेरित है, तो इससे न्यायिक प्रक्रिया पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में फिल्म के निर्माण और प्रचार को रोकना आवश्यक है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में फिल्म ‘काला हिरण’ का पोस्टर सार्वजनिक किया गया था। निर्माताओं ने घोषणा की थी कि फिल्म का पहला लुक और टीजर 20 जून को जारी किया जाएगा। हालांकि अब नोटिस की खबर सामने आने के बाद फिल्म के भविष्य को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है।

सलमान-लॉरेंस विवाद को फिल्मी रूप देने का दावा

फिल्म के निर्माता अमित जानी ने पूर्व में बताया था कि फिल्म की कहानी वर्ष 1998 के काला हिरण शिकार प्रकरण, उससे जुड़े कोर्टरूम ड्रामा और अभिनेता सलमान खान और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के बीच चले आ रहे विवाद पर आधारित है। उनके अनुसार फिल्म में अपराध, न्यायिक संघर्ष और सामाजिक प्रतिक्रियाओं को थ्रिलर शैली में प्रस्तुत किया गया है। फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के कई शहरों में की गई है।

1998 से चर्चा में है काला हिरण मामला

गौरतलब है कि वर्ष 1998 में राजस्थान के जोधपुर जिले के कांकाणी गांव में फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान सलमान खान पर काला हिरण के शिकार का आरोप लगा था। इस मामले में अभिनेता के अलावा कुछ अन्य कलाकारों के खिलाफ भी केस दर्ज हुआ था। अप्रैल 2018 में जोधपुर की अदालत ने सलमान खान को दोषी ठहराते हुए पांच वर्ष की सजा सुनाई थी। वहीं अन्य आरोपियों को बरी कर दिया गया था। बाद में सलमान को जमानत मिल गई थी। वर्तमान में यह मामला राजस्थान हाईकोर्ट में लंबित है। हालिया सुनवाई के बाद अदालत ने अगली तारीख 13 जुलाई 2026 निर्धारित की है। ऐसे में फिल्म को लेकर उठे नए कानूनी विवाद ने पूरे मामले को एक बार फिर राष्ट्रीय चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।