शकीरा के कॉन्सर्ट से पहले हादसा: स्टेज तैयार करते समय क्रू मेंबर की मौत, सिंगर ने जताया दुख

पॉप स्टार शकीरा के अपकमिंग कॉन्सर्ट से पहले एक दर्दनाक हादसा हो गया। ब्राजील के रियो डी जनेरियो में शो की तैयारियों के दौरान एक क्रू मेंबर की मौत हो गई। यह हादसा रविवार दोपहर हुआ, जब स्टेज का स्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा था। हादसे में गैब्रियल डी जीसस फिरमिनो नाम का कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बच सकी। इस घटना से पूरी टीम में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब टेक्निकल टीम कॉन्सर्ट के लिए स्टेज का ढांचा तैयार कर रही थी। गैब्रियल डी जीसस फिरमिनो उसी टीम का हिस्सा था। काम के दौरान लिफ्टिंग सिस्टम का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक दुर्घटना हो गई। स्टेट फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, हादसे में कर्मचारी के पैर बुरी तरह कुचल गए। चोट इतनी गंभीर थी कि मौके पर ही उसकी हालत नाजुक हो गई। टीम के अन्य सदस्यों ने तुरंत मदद के लिए कॉल किया।
अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स ने प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद फायर डिपार्टमेंट की टीम पहुंची। घायल कर्मचारी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। कॉन्सर्ट के आयोजकों ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि यह एक बेहद दुखद हादसा है और पूरी टीम इस नुकसान से आहत है।
दो मई को होना है बड़ा शो
यह कॉन्सर्ट दो मई 2026 को रियो डी जनेरियो में आयोजित होना है। शो को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। बड़ी संख्या में फैंस इस कॉन्सर्ट का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन इस हादसे ने माहौल को गमगीन कर दिया है। आयोजकों ने फिलहाल कार्यक्रम को लेकर कोई बड़ा बदलाव घोषित नहीं किया है लेकिन सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है।
शकीरा ने जताया दुख
इस घटना के बाद शकीरा ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक बयान में कहा कि वह इस हादसे से बेहद आहत हैं। उन्होंने मृतक के परिवार, दोस्तों और सहकर्मियों के प्रति संवेदना जताई। शकीरा ने कहा कि इस कठिन समय में उनकी प्रार्थनाएं पीड़ित परिवार के साथ हैं। उन्होंने टीम के सभी सदस्यों के प्रति भी समर्थन जताया।
टीम को हर संभव मदद का भरोसा
कॉन्सर्ट आयोजकों ने कहा है कि मृतक के परिवार को हर संभव सहायता दी जाएगी। संबंधित कंपनी और टीम के अन्य सदस्यों को भी सपोर्ट दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस हादसे की जांच की जाएगी। ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










