मुजफ्फरपुर में बाइक पर मिला युवक का लहूलुहान शव: सिर में गहरा छेद, हत्या की आशंका

अहियापुर थाना क्षेत्र के कोल्हुआ पैगंबरपुर ढाब इलाके में एक बाइक पर युवक का लहूलुहान शव देख इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर में आर-पार गहरा जख्म हैं। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि सिर में यह छेद किसी लोहे की छड़ से गोदकर किया गया है या फिर नजदीक से गोली मारी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है।
स्थानीय लोगों ने कोल्हुआ पैगंबरपुर ढाब के पास एक बाइक पर युवक को अजीब स्थिति में बैठे देखा। जब लोग उसके पास गये तो युवक के सिर से खून बह रहा था और उसकी मौत हो चुकी थी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट हो गई। पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार मामला हत्या का बताया जा रहा हैं।
मामले की जांच जारी
ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय अहियापुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और अधिकारियों ने घटनास्थल की गहनता से जांच की। पुलिस ने मौके पर जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया। एफएसएल टीम ने जांच के लिए साक्ष्य इकट्ठे किए हैं।
रूपये की लेन-देन में हत्या की आशंका
पुलिस छानबीन में मृतक की पहचान राकेश कुमार (27 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मोतीपुर थाना क्षेत्र के जमालाबाद, चक्की भुरकुरवा ग्राम का रहने वाला था। उसके पिता का नाम फकुली भगत बताया गया है। युवक अहियापुर इलाके में किस काम से आया था और उसकी हत्या किसके द्वारा की गई, पुलिस इन सभी बिंदुओं की छानबीन कर रही है। प्रथम दृष्टया पुलिस हत्या के एंगल पर तहकीकात में जुटी है। रुपये की लेन-देन में हत्या की संभावना जताई जा रही है।
उलझ गई पुलिस की गुत्थी
मृतक के सिर के जख्म ने पुलिस की गुत्थी को उलझा दिया है। सिर में आर-पार छेद होने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि हत्या की इस वारदात को किस हथियार से अंजाम दिया गया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मौत छड़ जैसी किसी नुकीली वस्तु के आर-पार होने से हुई है या फिर सिर में गोली मारी गई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
अहियापुर थाना के एसआई पिंकू कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। मृतक के स्वजन को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि राकेश कुमार आखिरी बार किसके साथ देखा गया था। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









