बहराइच में खूंखार तेंदुए का आतंक: आंगन से मासूम बच्ची को दबोचा, गले और शरीर पर मिले गहरे घाव

बहराइच|07 सितंबर 2026
आंगन से मासूम बच्ची को दबोचा, गले और शरीर पर मिले गहरे घाव

नानपारा कोतवाली क्षेत्र में तेंदुए के हमले से हड़कंप मच गया। पुजारीपुरवा गांव में तेंदुआ घर के आंगन से बच्ची को जबड़े में दबोचकर उठा ले गया। बच्ची की मां ने तेंदुए को बच्ची के साथ भागते देखा तो शोर मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर जुट गए और खेतों व जंगल की ओर हांका लगाते हुए तेंदुए का पीछा शुरू कर दिया। ग्रामीणों के दबाव में तेंदुआ बच्ची को घर से करीब 400 मीटर दूर खेत में छोड़कर जंगल की तरफ भाग गया।

पुजारीपुरवा जुड़ा ग्राम निवासी बच्ची की मां अनीता ने बताया कि वह अपनी तीन साल की बच्ची लाडो के साथ आंगन में खड़ी थीं। तभी तेंदुआ ने हमला कर बच्ची को मुंह में दबोच कर उठा ले गया। तेंदुए के हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों और परिजनों ने उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने बच्ची को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया। ड्यूटी पर मौजूद डॉ. आशीष वर्मा ने बताया कि बच्ची के अस्पताल पहुंचते ही संबंधित चिकित्सकों को सूचना देकर उपचार शुरू कराया गया। उसके गले और शरीर पर गहरे घाव हैं। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। डीएफओ सुंदरेसा ने बताया कि घटनास्थल से मिले पगचिह्नों की जांच कराई जा रही है। इलाके में सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। वन विभाग तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रख रहा है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से देर रात घर से बाहर न निकलें। आंगन या खुले स्थान पर सोने से भी बचें। जरूरत पड़ने पर घर से अकेले निकलने के बजाय समूह में बाहर जाने की सलाह दी गई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।