जमीन के नाम पर 2.27 करोड़ रुपये की ठगी: आईपीएस अधिकारी के पिता ने दर्ज कराया केस, छह सालों में किस्तों में दी थी रकम

बाराबंकी|2 घंटे पहले
आईपीएस अधिकारी के पिता ने दर्ज कराया केस, छह सालों में किस्तों में दी थी रकम

जमीन खरीदने के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। एक सीनियर आईपीएस अधिकारी के पिता ने प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े लोगों पर 2.27 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। पीड़ित का दावा है कि जमीन दिलाने का भरोसा देकर वर्षों तक उनसे रकम ली गई। लेकिन बाद में वही जमीन किसी अन्य व्यक्ति को अधिक कीमत पर बेच दी गई। आरोप है कि रकम का एक हिस्सा विदेश में निवेश कर दिया गया। जबकि शेष धनराशि लौटाने से भी इनकार कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली नगर क्षेत्र की मयूर विहार कॉलोनी ओबरी निवासी राधाकांत शुक्ल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके पुत्र आदर्श कांत शुक्ला भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी हैं। वर्तमान में भोपाल में डीसीपी पद पर तैनात हैं। राधाकांत के अनुसार, मयूर विहार क्षेत्र में जमीन खरीदने के उद्देश्य से उन्होंने विवेक गुप्ता के माध्यम से निवेद प्रताप सिंह उर्फ गोलू, उसकी मां भावना रानी, पत्नी शुभी सिंह और विशाल नामक व्यक्ति को पिछले छह वर्षों के दौरान कुल 2.27 करोड़ रुपये दिए थे।

अधिक कीमत मिलने पर किसी और को बेच दी जमीन

पीड़ित का आरोप है कि जमीन का सौदा तय होने के बावजूद आरोपित लगातार बहाने बनाकर समय टालते रहे। बाद में उन्हें पता चला कि संबंधित जमीन अधिक कीमत मिलने पर किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी गई है। राधाकांत शुक्ल का कहना है कि जमीन खरीदने के लिए उन्होंने अपने परिवार के जेवर तक बेच दिए थे। उनका दावा है कि यदि समय पर जमीन मिल जाती तो आज उसकी कीमत कई गुना बढ़ चुकी होती।

दुबई में निवेश करने का आरोप

शिकायत के अनुसार, लगातार दबाव बनाए जाने पर आरोपितों ने करीब 1.05 करोड़ रुपये वापस किए। लेकिन शेष रकम लौटाने से मना कर दिया। बाकी धनराशि के लिए दिए गए दो चेक बैंक में प्रस्तुत करने पर बाउंस हो गए। राधाकांत का आरोप है कि उनकी रकम को दुबई में कारोबारी निवेश के रूप में लगाया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ धनराशि से आरोपित ने अपनी पत्नी के लिए महंगे जेवरात खरीदे।

मामले की जांच कर रही पुलिस

पीड़ित ने पुलिस से आरोपितों के पासपोर्ट जब्त करने की मांग भी की है। उनका कहना है कि सभी आरोपी परिवार सहित दुबई शिफ्ट होने की तैयारी कर रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर कोतवाली पुलिस ने दंपती समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। नगर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है। साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।