बाराबंकी में यूज्ड चायपत्ती में केमिकल मिलाकर बनाते थे नकली चाय: ब्रांडेड नामों से हो रही थी पैकिंग, फैक्ट्री संचालक गिरफ्तार

बाराबंकी|1 घंटा पहले
ब्रांडेड नामों से हो रही थी पैकिंग, फैक्ट्री संचालक गिरफ्तार

बाराबंकी में इस्तेमाल की जा चुकी चायपत्ती को कृत्रिम रंग मिलाकर दोबारा पैक कर बाजार में बेचने के गोरखधंधे का खुलासा हुआ है। यूपी एसटीएफ और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की संयुक्त टीम ने बड्डूपुर थाना क्षेत्र में संचालित एक अवैध फैक्ट्री पर छापा मारकर 800 किलो रंगी हुई चायपत्ती, कृत्रिम रंग और पैकिंग सामग्री बरामद की। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री संचालक को गिरफ्तार कर इकाई को सील कर दिया गया।

छापेमारी में टीम ने पाया कि होटलों और ढाबों से इस्तेमाल के बाद फेंकी गई चायपत्ती को इकट्ठा कर उसमें केमिकल और कृत्रिम रंग मिलाकर दोबारा तैयार किया जाता था। इसके बाद नई पैकिंग में ब्रांडेड उत्पाद की तरह बाजार में सप्लाई की जाती थी। यह अवैध फैक्ट्री जिला मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर दो मंजिला मकान में संचालित हो रही थी।

दो साल से चल रहा था अवैध कारोबार

एफएसडीए अधिकारियों के अनुसार आरोपी शकील पिछले करीब दो वर्षों से इस कारोबार में संलिप्त था। विभाग को करीब डेढ़ वर्ष पहले इसकी शिकायत मिली थी, लेकिन सटीक स्थान का पता नहीं चल पाने के कारण कार्रवाई नहीं हो सकी थी। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि खुली चायपत्ती को 'फास्ट टी' और 'गार्डेन फ्रेश' नाम से पैक कर बाजार में बेचा जाता था।

800 किलो चायपत्ती और मशीनें जब्त

संयुक्त टीम ने करीब 800 किलो तैयार चायपत्ती, पांच किलो कृत्रिम रंग, पैकिंग सामग्री तथा इलेक्ट्रॉनिक और सीलिंग मशीनें बरामद कर जब्त कर लीं। लगभग 1.60 लाख रुपये मूल्य की चायपत्ती भी कब्जे में ली गई। खाद्य सुरक्षा विभाग ने चायपत्ती और कृत्रिम रंग के नमूने जांच के लिए सुरक्षित कर लिए हैं। आरोपी शकील के खिलाफ बड्डूपुर थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया गया है।

स्वास्थ्य के लिए बताया गंभीर खतरा

फूड इंस्पेक्टर डॉ. अंकित यादव ने बताया कि चायपत्ती में मिलाया जा रहा कृत्रिम रंग स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है। ऐसे रसायनों का लगातार सेवन करने से कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने लोगों से केवल विश्वसनीय ब्रांड और अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद्य सामग्री खरीदने की अपील की।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।