बस्ती में छह साल की बच्ची से रेप का आरोप: मां ने छप्पर में आपत्तिजनक हालत में देखा, दोनों आरोपी अरेस्ट

जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ रेप का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को अरेस्ट भी कर लिया है।
घटना शुक्रवार तड़के करीब 2:40 बजे की बताई जा रही है। पीड़िता की मां के मुताबिक उनकी बेटी घर के बाहर निकली थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिवार के लोग परेशान हो गए। मां जब बच्ची को खोजते हुए घर के सामने बने छप्पर की ओर पहुंचीं तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।
मां ने आरोपियों को मौके पर देखा
पीड़िता की मां ने पुलिस को दी एप्लीकेशन में आरोप लगाया है कि गांव के ही विशाल उर्फ सौरभ और दीपक शर्मा बच्ची के साथ आपत्तिजनक हालत में मिले। मां के अनुसार दोनों आरोपियों ने बच्ची का मुंह दबाकर उसे छप्पर में ले गए थे। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपी उन्हें धक्का देकर मौके से भाग निकले। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बच्ची को तत्काल मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया।
पुलिस ने दर्ज किया केस
वाल्टरगंज पुलिस ने पीड़िता की मां की एप्लीकेशन के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपी विशाल उर्फ सौरभ गंधार गांव का रहने वाला है। वहीं दूसरा आरोपी दीपक शर्मा मूल रूप से लखनऊ के लाल कुआं हुसैनगंज क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, जो फिलहाल गंधार गांव में रह रहा था। सीओ सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया है। दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कहा कि बच्ची की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई और मजबूत की जाएगी।
सुरक्षा पर सवाल
घटना के बाद पूरे इलाके में गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों ने मासूम बच्ची के साथ हुई वारदात पर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि गांवों में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। देर रात तक लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उन्हें सांत्वना देते रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










