बस्ती में युवक की बेरहमी से हत्या: धारदार हथियार से किया हमला, खाली मैदान में मिली लहूलुहान बॉडी

बस्ती|1 घंटा पहले
धारदार हथियार से किया हमला, खाली मैदान में मिली लहूलुहान बॉडी

शहर कोतवाली क्षेत्र के बैरिहवा मोहल्ले में एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। युवक मोहल्ले के समीप स्थित एक खाली मैदान में अकेला बैठा था। हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ हमला किया। इससे सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

मृतक की पहचान बैरिहवा निवासी शिवकुमार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने मैदान में खून से लथपथ बॉडी पड़ी देखी तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण तिवारी, शहर कोतवाल मोतीचंद राजभर और रौता चौकी प्रभारी सुरेंद्र प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी।

रंजिश और आशनाई के पहलू पर जांच

प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या के पीछे आपसी रंजिश और आशनाई दोनों बिंदुओं को आधार बनाकर जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना में संलिप्तता के संदेह में मोहल्ले के ही एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि शिवकुमार पहले कपड़े धोने का काम करता था। लेकिन पिछले कुछ समय से वह कोई रोजगार नहीं कर रहा था। उसका मोहल्ले के एक व्यक्ति से पारिवारिक विवाद भी चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते पहले उस पर ईंट से हमला किया गया। बाद में धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या कर दी गई।

जल्द होगा घटना का खुलासा

सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। संदिग्ध से पूछताछ जारी है और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।