रसगुल्ला लेने पर भड़का ठेकेदार: 11 साल के बच्चे को डीजल डालकर जलाया, आरोपी मौके से फरार

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के छावनी थाना क्षेत्र के मलौली गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। एक शादी समारोह के दौरान महज रसगुल्ला लेने की वजह से नाराज हुए कैटरिंग ठेकेदार ने 11 साल के मासूम बच्चे पर डीजल डालकर आग लगा दी। इस भयावह घटना में बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर निवासी संतोष का 11 वर्षीय बेटा चमन बचपन से ही छावनी क्षेत्र के बाघानाला स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था। उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है। बुधवार को चमन अपनी नानी के साथ मलौली गोसाई गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने गया था।
रात के समय जब भोजन की व्यवस्था चल रही थी, चमन बार-बार उस स्थान पर जा रहा था जहां खाना बनाया और परोसा जा रहा था। इसी दौरान उसने एक-दो बार रसगुल्ला निकाल लिया, जिसे लेकर कैटरिंग ठेकेदार नाराज हो गया।
गुस्से में ठेकेदार ने खोया आपा
आरोप है कि बच्चे द्वारा बार-बार रसगुल्ला लेने से गुस्साए ठेकेदार ने अपना आपा खो दिया। उसने चमन को पकड़ लिया और उसके ऊपर डीजल डालकर आग लगा दी। आग लगते ही बच्चा दर्द से चीखने लगा और मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए। लोगों ने तुरंत आग बुझाई, लेकिन तब तक चमन का शरीर बुरी तरह झुलस चुका था। उसके चेहरे से लेकर कमर तक गंभीर चोटें आईं।
लखनऊ रेफर, हालत अब भी गंभीर
घटना के बाद परिजन बच्चे को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अयोध्या ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद भी हालत में सुधार नहीं हुआ, जिसके चलते गुरुवार को उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरोपी कैटरिंग ठेकेदार वारदात के बाद से फरार है। थानाध्यक्ष छावनी चंदन ने बताया कि बच्चे के मामा देवी प्रसाद की तहरीर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। इस घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है और लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।











