बस्ती में कार-ट्रॉली की भिड़ंत में दो की डेथ: 45 मिनट तक सड़क पर तड़पते रहे घायल, ग्रामीणों ने मशीन से काटकर लोगों को निकाला

रुधौली थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। भितेहरा गांव के पास तेज रफ्तार कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और ट्रॉली पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह राहत कार्य शुरू किया और गाड़ियों में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई घायल लंबे समय तक सड़क पर तड़पते रहे, लेकिन पुलिस और एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी।
जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 11 बजे पंचायत भवन के सामने हुआ। भानपुर की ओर से आ रही महाराष्ट्र नंबर प्लेट लगी तेज रफ्तार कार ने दसिया की तरफ जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और ट्रॉली कई हिस्सों में टूट गई। हादसे के बाद कई लोग वाहनों में बुरी तरह फंस गए थे। ग्रामीणों और राहगीरों ने हिम्मत दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया। कुछ घायलों को खींचकर बाहर निकाला गया, जबकि कई लोगों को निकालने के लिए लोहे को काटना पड़ा। स्थानीय लोगों ने गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला।
देर से पहुंची पुलिस
घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे की सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब 30 मिनट बाद मौके पर पहुंची, जबकि एम्बुलेंस को आने में लगभग 45 मिनट लग गए। इस दौरान गंभीर रूप से घायल लोग सड़क पर दर्द से तड़पते रहे। लोगों ने निजी वाहनों और स्थानीय साधनों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की। प्राथमिक उपचार के बाद रात करीब दो बजे सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। तीन लोगों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
मृतकों की पहचान
पुलिस के मुताबिक हादसे में गनवरिया कला गांव निवासी मल्हर और रामस्वरूप की मौत हो गई। दोनों ट्रॉली पर सवार थे। अन्य घायल आसपास के गांवों के बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद इलाके में देर रात तक भारी भीड़ जमा रही और लोगों में आक्रोश का माहौल बना रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। रुधौली थाना प्रभारी संजय कुमार दुबे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









