रामभक्तों पर गोली चलाने वाले मांगें माफी- सीएम योगी: बस्ती में 77 विकास परियोजनाओं की दी सौगात, आवास-ऋण योजना के लाभार्थियों को सौंपे प्रमाणपत्र

बस्ती|59 मिनट पहले
बस्ती में 77 विकास परियोजनाओं की दी सौगात, आवास-ऋण योजना के लाभार्थियों को सौंपे प्रमाणपत्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर्रैया में आयोजित जनसभा के दौरान समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में वक्फ बोर्ड और कब्रिस्तानों के नाम पर संसाधनों का दुरुपयोग किया जाता था। वहीं, वर्तमान सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास के साथ गरीबों के पुनर्वास पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामभक्तों पर गोली चलवाने वालों को देश से माफी मांगनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने हर्रैया और कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्रों के लिए 504 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 77 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। साथ ही आवास योजना और ऋण योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार 84 कोसी और पांच कोसी परिक्रमा मार्ग के विकास पर काम कर रही है। उनका आरोप था कि पहले इन धार्मिक आयोजनों में बाधाएं खड़ी की जाती थीं, जबकि वर्तमान सरकार उन्हें बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि भदेश्वरनाथ मंदिर समेत प्रदेश के लगभग 1600 मंदिरों का पुनरुद्धार कराया जा रहा है। मखौड़ा धाम, तपेश्वर धाम और कर्ण मंदिर के विकास कार्यों का भी उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कर्ण मंदिर से जुड़ा विवाद पूर्ववर्ती सरकार के समय पैदा हुआ था। इसे उनकी सरकार ने समाप्त कराया।

सपा सरकार पर लगाए कई आरोप

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में बस्ती में एक सपा जिलाध्यक्ष के घर पर कब्रिस्तान के नाम पर कब्जा किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि उस समय मदद मांगने पर उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से कब्जा हटवाने में सहयोग किया था। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकारों में विकास कार्यों की बजाय केवल कागजी योजनाएं चलाई जाती थीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार आधुनिक विद्यालयों के निर्माण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर काम कर रही है।

कानून व्यवस्था और शिक्षा पर भी साधा निशाना

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले प्रदेश में नकल को बढ़ावा दिया जाता था। इससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकारों के दौरान बिजली व्यवस्था बदहाल थी, जबकि अब प्रदेश में बिजली आपूर्ति में सुधार हुआ है। कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में बड़े दंगे नहीं हुए और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कठोर कार्रवाई की जा रही है।

अयोध्या, कांवड़ यात्रा और विकास का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, कांवड़ यात्रा और धार्मिक आयोजनों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले मंदिर निर्माण को लेकर भय का माहौल बनाया गया था, जबकि आज वहां शांतिपूर्ण वातावरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकारें कांवड़ यात्रा और धार्मिक आयोजनों पर प्रतिबंध लगाती थीं। साथ ही कहा कि आज प्रदेश में सभी धार्मिक आयोजनों को सुरक्षा और सम्मान के साथ संपन्न कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने हर्रैया और कप्तानगंज क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश की सूचना मिलने के बावजूद जब उन्हें बताया गया कि बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पर मौजूद हैं तो वह लखनऊ से सीधे हर्रैया पहुंचे। उनके आगमन पर भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा, हर्रैया विधायक अजय सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।