10 हजार रिश्वत लेते कानूनगो अरेस्ट: एंटी करप्शन टीम को देख भागा, बेल्ट पकड़कर गाड़ी में डाला

जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बुधवार को एंटी करप्शन टीम ने सदर तहसील में तैनात एक कानूनगो को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ अरेस्ट कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान कानूनगो ने टीम की पकड़ से छूटकर भागने की कोशिश की। लेकिन सतर्क अधिकारियों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। इस दौरान आरोपी को पैंट की बेल्ट पकड़कर तहसील परिसर से बाहर लाया गया। बाद में सरकारी वाहन में बैठाकर कोतवाली ले जाया गया। पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, आदर्श कोतवाली क्षेत्र के सैफाबाद निवासी आसमान सिंह ने एंटी करप्शन संगठन से शिकायत की थी। सदर तहसील में तैनात कानूनगो अशर्फी लाल धारा-21 के तहत खेत की मेड़ पर पत्थर लगवाने की प्रक्रिया पूरी कराने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने पूरे मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद अधिकारियों ने ट्रैप कार्रवाई की रणनीति तैयार की।
जाल बिछाकर की गई कार्रवाई
पूर्व निर्धारित योजना के तहत बुधवार दोपहर करीब दो बजे शिकायतकर्ता को आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही कानूनगो ने रिश्वत की रकम अपने कब्जे में ली, पहले से निगरानी कर रही एंटी करप्शन टीम ने तत्काल कार्रवाई की। टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने हाथ छुड़ाकर भागने का प्रयास किया। जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि टीम के सदस्यों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। कड़ी मशक्कत के बाद वाहन तक पहुंचाया।
कोतवाली में पूछताछ
गिरफ्तारी के बाद आरोपी कानूनगो को आदर्श कोतवाली लाया गया। जहां उससे विस्तृत पूछताछ की गई। टीम ने मौके से रिश्वत की रकम सहित अन्य आवश्यक साक्ष्य भी कब्जे में लिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतें दर्ज रही हैं या नहीं। अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत ने बताया कि एंटी करप्शन टीम ने कानूनगो को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या संरक्षण नहीं दिया जाएगा।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









