फर्जी जमीन का सौदा कर पांच करोड़ की ठगी: पति-पत्नी पर केस दर्ज, दस्तावेजों की जांच में खुला फर्जीवाड़ा

शहर में करोड़ों रुपये की जमीन ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक व्यक्ति को व्यावसायिक भूखंड बेचने का झांसा देकर करीब पांच करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने पति-पत्नी के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले के सामने आने के बाद रियल एस्टेट और व्यापारिक जगत में भी चर्चा का माहौल है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पूरे प्रकरण से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।
ग्राम पिपरा राम किशुन निवासी विपिन कुमार शुक्ला ने तहरीर में आरोप लगाया है। जहीर अहमद और उनकी पत्नी सारदा कौसर ने उन्हें शहर में स्थित एक व्यावसायिक भूमि बेचने का प्रस्ताव दिया था। आरोप है कि दोनों उनके घर पहुंचे और जमीन से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत कर स्वयं को भूमि का वैध स्वामी बताया। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत जमीन की रजिस्ट्री उनके नाम करा दी जाएगी। आरोपितों की बातों और प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों पर विश्वास करते हुए विपिन कुमार शुक्ला ने विभिन्न चरणों में नकद और आरटीजीएस के माध्यम से करीब पांच करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया।
जांच में सामने आया बड़ा फर्जीवाड़ा
पीड़ित का आरोप है कि पूरी रकम प्राप्त करने के बावजूद आरोपित लगातार रजिस्ट्री टालते रहे। संदेह होने पर जब उन्होंने स्वतंत्र रूप से भूमि के दस्तावेजों और स्वामित्व की जांच कराई, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि संबंधित जमीन पहले ही किसी अन्य व्यक्ति के नाम बेची जा चुकी थी। इसके बाद उन्हें अपने साथ हुई कथित धोखाधड़ी का एहसास हुआ।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने पति-पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी वित्तीय लेन-देन और भूमि संबंधी अभिलेखों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









