खेत में मिली अधेड़ की बॉडी: मुंह में कपड़ा ठूंसा होने से हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

बस्ती|1 घंटा पहले
मुंह में कपड़ा ठूंसा होने से हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह सनसनी फैल गई। रतनपुरा गांव के सिवान में एक अधेड़ व्यक्ति की बॉडी संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ी मिली। बॉडी के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। इससे ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। बॉडी की पहचान रतनपुरा गांव निवासी 50 वर्षीय बाबूलाल पुत्र रामदीन के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जबकि पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब सात बजे गांव के कुछ लोग खेतों की ओर गए थे। इसी दौरान उन्होंने सिवान में एक व्यक्ति की बॉडी पड़ी देखी। बॉडी की स्थिति संदिग्ध होने के कारण ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर वाल्टरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू किया। कुछ ही देर में मृतक की पहचान बाबूलाल के रूप में हुई। पहचान होते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए और परिवार में मातम छा गया।

रात में अस्पताल से लौटे थे बाबूलाल

परिजनों के मुताबिक, बुधवार रात बाबूलाल की अचानक तबीयत खराब हो गई थी। उन्हें इलाज के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया था। जहां प्राथमिक इलाज के बाद रात करीब 12 बजे उन्हें घर भेज दिया गया। परिवार का कहना है कि घर लौटने के बाद वह कब और किन परिस्थितियों में बाहर निकले। इसकी किसी को जानकारी नहीं है। सुबह खेत में उनकी बॉडी मिलने की सूचना से परिजन स्तब्ध रह गए। घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इनका जवाब अब पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मिलने की उम्मीद है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने परिजनों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने भी मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। बॉडी के मुंह में कपड़ा ठूंसा होने और घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए ग्रामीणों के बीच हत्या की आशंका को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

वाल्टरगंज थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि बॉडी का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में घटना को लेकर दहशत और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।