बस्ती में घर के अंदर फंदे से लटकी मिली छात्रा की लाश: मां ने जताई हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

हर्रैया थाना क्षेत्र के उभाईं गांव में छात्रा का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतका की मां ने परिवार के कुछ सदस्यों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस के अनुसार, उभाईं गांव निवासी दुर्गाप्रसाद की पुत्री आरती, जो कक्षा सात की छात्रा थी। उसका शव घर के भीतर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। परिजनों ने बताया कि दुर्गाप्रसाद काम पर चले गए थे। वहीं, आरती की मां सुनीता अपने सात वर्षीय बेटे और छोटी बेटी के साथ पहचान पत्र बनवाने के लिए घर से हर्रैया के लिए निकली थीं। वह भदावल के पास ऑटो का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान उनके पति का फोन आया और बेटी की मौत की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह तत्काल घर पहुंच गईं।
रंजिश के चलते बेटी की हत्या की
मृतका की मां सुनीता ने परिवार के कुछ सदस्यों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि संबंधित लोगों से पहले से विवाद चल रहा था और उसी रंजिश के चलते उनकी बेटी की हत्या की गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।










