बस्ती में मजदूर की संदिग्ध मौत: बागीचे में अचेत मिला युवक, एक सप्ताह पहले ही आया था काम पर

बस्ती|1 घंटा पहले
बागीचे में अचेत मिला युवक, एक सप्ताह पहले ही आया था काम पर

जिले में निर्माणाधीन एथनॉल फैक्ट्री में कार्यरत एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना बस्ती-बांसी मार्ग स्थित दसिया पेट्रोल पंप के सामने बन रही एथनॉल फैक्ट्री की है। मजदूर फैक्ट्री परिसर से सटे एक बागीचे में अचेत अवस्था में मिला। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान बिहार के बेतिया जिले के नौतन थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलपुर गांव निवासी 28 वर्षीय महेश पुत्र लाल बहादुर के रूप में हुई है। परिजनों और सहकर्मियों के अनुसार, महेश लगभग एक सप्ताह पहले ही दसिया स्थित निर्माणाधीन एथनॉल फैक्ट्री में मजदूरी करने आया था। वहीं रहकर काम कर रहा था। फैक्ट्री के समीप स्थित बागीचे में महेश अचेत अवस्था में पड़ा मिला। वहां से गुजर रहे लोगों ने उसे देखा और इसकी जानकारी उसके रिश्तेदारों और साथ काम करने वाले मजदूरों को दी। सूचना मिलते ही मृतक के चाचा नंदलाल और अन्य साथी मौके पर पहुंचे। उन्होंने उसे होश में लाने का प्रयास किया। लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से महेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुधौली ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

जांच में जुटी पुलिस

थाना प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे ने बताया कि बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। मजदूर की अचानक मौत से फैक्ट्री परिसर में शोक का माहौल है। साथी श्रमिकों में भी मायूसी देखी जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।