बस्ती के स्कूल में नशा करने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक सस्पेंड: मध्याह्न भोजन बंद मिलने पर हुई कार्रवाई, राशन बेचने की शिकायत पर शिक्षक भी निलंबित

परशुरामपुर विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय सरनामगंज में विद्यालय संचालन में लापरवाही और अनियमितताओं के मामले में प्रभारी प्रधानाध्यापक ललित कुमार पर कार्रवाई हुई है। बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार ने उन्हें निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें विक्रमजोत विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय मलौली गोसाईं से संबद्ध किया गया है। मामले की जांच गौर के खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपी गई है।
परशुरामपुर के खंड शिक्षा अधिकारी ने 19 अगस्त को विद्यालय का निरीक्षण किया था। उपस्थिति पंजिका की जांच में प्रभारी प्रधानाध्यापक आठ अगस्त से लगातार अनुपस्थित मिले। वह एफएलएन प्रशिक्षण में भी शामिल नहीं हुए थे। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं में कई खामियां सामने आईं। विद्यालय की चहारदीवारी के पास शराब और पानी की खाली बोतलें भी मिलीं।
खाद्यान्न बेचने की शिकायत
मध्याह्न भोजन पंजिका की जांच में सामने आया कि छह से 16 अगस्त तक योजना का संचालन बंद था। विद्यालय कर्मचारियों ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले पांच से छह बोरी खाद्यान्न बेच दिया गया था। निरीक्षण के दौरान खिचड़ी बनी थी, लेकिन बच्चों को दूध नहीं बांटा गया। कर्मचारियों ने नियमित रूप से दूध और फल वितरित नहीं किए जाने की भी जानकारी दी। विद्यालय की रंगाई-पुताई और साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं मिली। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने निलंबन की कार्रवाई की। गौर के खंड शिक्षा अधिकारी को विस्तृत जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।











