बस्ती में प्रेमी संग मिलकर बेटी ने की पिता की हत्या: तेज धारदार हथियार से किया वार, नहर किनारे फेंका शव

छावनी थाना क्षेत्र में रिश्तों को झकझोर देने वाली हत्या की वारदात सामने आई। आरोप है कि किशोरी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पिता कृष्णा की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, कृष्णा ने बेटी को बभरौली गांव निवासी लक्ष्मण के साथ खेत में आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। उन्होंने बेटी को डांटा और युवक का विरोध किया। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी और हाथापाई हुई। आरोप है कि इसके बाद लक्ष्मण ने कृष्णा को पकड़ लिया और किशोरी के साथ मिलकर हंसिया से उनकी गर्दन, सीने और चेहरे पर कई वार किए। हत्या के बाद शव को नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया।
रमवापुर गांव निवासी कृष्णा मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। वहीं, छोटी बेटी उनके साथ रहती थी। उसकी मां की मौत उसके जन्म के बाद ही हो गई थी। कृष्णा के भाई काशीराम के अनुसार, किशोरी मवेशी चराने के लिए घर से निकली थी। दोपहर करीब 12 बजे तक उसके वापस नहीं आने पर कृष्णा उसे तलाशने निकल गए। कृष्णा खेतों की ओर पहुंचे तो वहां बेटी को लक्ष्मण के साथ देख लिया। ग्रामीणों के मुताबिक, किशोरी और लक्ष्मण के बीच करीब एक साल से प्रेम संबंध था। लक्ष्मण शटरिंग का काम करता है। बताया गया कि किशोरी मवेशी चराने के बहाने उससे मिलने गई थी और घास काटने के लिए हंसिया भी उसके पास था।
कहासुनी के बाद किया हमला
पिता के विरोध करने पर कृष्णा और लक्ष्मण के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि हाथापाई के दौरान लक्ष्मण ने कृष्णा को पकड़ लिया। इसके बाद किशोरी और लक्ष्मण ने मिलकर हंसिया से हमला कर दिया। दोनों ने उनकी गर्दन, सीने और चेहरे पर कई वार किए। गंभीर चोटों के बाद कृष्णा की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद शव को गांव से करीब 500 मीटर दूर बभरौली गांव की ओर नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया।
पूछताछ में सामने आया सच
कृष्णा के घर नहीं लौटने पर परिवार के लोग परेशान हो गए। उन्होंने किशोरी से पिता के बारे में पूछा तो उसने पहले किसी जानकारी से इनकार कर दिया। कृष्णा का मोबाइल घर पर ही मिलने से परिजनों को संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने किशोरी से कड़ाई से पूछताछ की। आरोप है कि पूछताछ में उसने पिता की हत्या की जानकारी दी और बताया कि शव नहर किनारे झाड़ियों में पड़ा है। इसके बाद परिजन और ग्रामीण बताए गए स्थान पर पहुंचे। वहां नहर की पटरी के पास झाड़ियों में कृष्णा का शव मिला। उनके गर्दन, सीने और चेहरे पर हंसिया से किए गए वार के निशान थे। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष जीवन त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
हिरासत में नाबालिग बेटी और प्रेमी
थानाध्यक्ष जीवन त्रिपाठी ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। नाबालिग लड़की और उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।











