बस्ती में सड़क किनारे मिला संविदा कर्मी का शव: कई किलोमीटर दूर मिली बाइक, गोरखपुर नगर निगम में तैनात था कर्मचारी

बस्ती|
कई किलोमीटर दूर मिली बाइक, गोरखपुर नगर निगम में तैनात था कर्मचारी

वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। धौमौरा के पास सुबह करीब 6:30 बजे शव मिलने की सूचना पर आसपास के लोग जुट गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान 26 वर्षीय यशवंत निवासी खड़ौवा, थाना नगर के रूप में हुई है। वह गोरखपुर नगर निगम में संविदा कर्मी था। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

जांच के दौरान पुलिस के सामने एक अहम तथ्य आया। यशवंत की बाइक वाल्टरगंज थाना क्षेत्र से काफी दूर दुबौलिया थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन टोल प्लाजा के पास मिली। शव और बाइक के अलग-अलग जगह मिलने से युवक की मौत को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक के शव को कहीं और से लाकर धौमौरा के पास फेंका गया होगा।

पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

शव मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। अब यह पता लगाया जा रहा है कि यशवंत आखिरी बार कहां और किसके साथ देखा गया था। उसकी बाइक निर्माणाधीन टोल प्लाजा तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, पुलिस इन बिंदुओं पर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मृतक के मोबाइल फोन और उसके संपर्क में रहे लोगों से भी जानकारी जुटाई जा सकती है।

पोस्टमॉर्टम से साफ होगी मौत की वजह

पुलिस के मुताबिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। वाल्टरगंज थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार राय ने बताया कि शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।