बस्ती में अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर: एक की मौत और दो घायल, टेमारहमत जा रहे थे तीनों

बस्ती-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुंडेरवा थाना क्षेत्र में मुजहाना कट के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दो लोग घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक बाइक पर सवार तीन लोग बस्ती से टेमारहमत की ओर जा रहे थे। मुजहाना कट के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चालक शमशाद अंसारी पुत्र नसीरुद्दीन निवासी सालेपुर थाना दुधारा संतकबीर नगर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दो घायलों को जिला अस्पताल भेजा
बाइक पर पीछे बैठे महफूज पुत्र एकलाख अहमद और सोहेल कुरेशी पुत्र मोहम्मद शफीर, दोनों निवासी सालेपुर, को मामूली चोटें आईं। दोनों को एंबुलेंस से बस्ती जिला अस्पताल भेजा गया। मुंडेरवा थानाध्यक्ष विश्व मोहन राय ने बताया कि हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











