लक्ष्मण हत्याकांड में पुलिस पर सवाल: चौकी प्रभारी के खिलाफ जांच शुरू, जमीनी विवाद को लेकर हुई थी हत्या

लालगंज थाना क्षेत्र के मेहनौना गांव में हुए लक्ष्मण निषाद हत्याकांड के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली जांच के दायरे में आ गई है। प्रारंभिक स्तर पर सामने आए तथ्यों में पुलिस की लापरवाही की आशंका जताई गई है। इसके बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने रखौना चौकी प्रभारी की भूमिका की जांच के आदेश दिए हैं। मामले की प्रारंभिक जांच अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत को सौंपी गई है। जिन्हें पूरे घटनाक्रम की समीक्षा कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, मेहनौना गांव में जमीन के बैनामे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। यह मामला हत्या की घटना से पहले रखौना चौकी तक भी पहुंचा था। आरोप है कि शिकायत मिलने के बावजूद पुलिस ने तत्काल और प्रभावी कार्रवाई नहीं की। बाद में उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मुकदमा तो दर्ज कर लिया गया, लेकिन नामजद आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस निरोधात्मक कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते पुलिस के सख्त कदम उठाने पर स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती। संभवतः इस वारदात को टाला जा सकता था।
जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप
बताया गया कि सोमवार रात करीब 11 बजे दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। जमीनी विवाद को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान लक्ष्मण निषाद गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया। इसके चलते एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
एसपी ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने पूरे मामले की समीक्षा की है। उन्होंने अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत को रखौना चौकी प्रभारी की भूमिका की प्रारंभिक जांच सौंपते हुए विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। एसपी ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान जिस स्तर पर भी लापरवाही, कर्तव्यहीनता या जिम्मेदारी में चूक सामने आएगी, संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या की विवेचना के साथ-साथ विवाद के पूर्व की गई पुलिस कार्रवाई और उससे जुड़े तथ्यों की भी गहन जांच कर रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









