रेलवे ट्रैक पर मिली युवक की बॉडी: दाहिने हाथ पर गुदा है टैटू, शिनाख्त के प्रयास में जुटी पुलिस

मुंडेरवा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे एक 25 वर्षीय अज्ञात युवक की बॉडी मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। बॉडी की पहचान न होने के कारण पुलिस ने शिनाख्त की प्रक्रिया तेज कर दी है। युवक के हाथ पर गुदा हुआ ‘जय भीम लव’ टैटू पहचान का अहम आधार माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मुंडेरवा रेलवे स्टेशन के पश्चिम दिशा में स्थित गेट संख्या-190 से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर रेलवे पोल संख्या 556/17-19 के बीच सुबह करीब सात बजे युवक की बॉडी देखी गई। ट्रैक के किनारे बॉडी पड़ी होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। प्रारंभिक जांच में युवक की उम्र लगभग 25 वर्ष आंकी गई है।
मौके पर पहुंची पुलिस
मौके पर पहुंची पुलिस ने बॉडी की पहचान कराने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की। लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस ने मृतक के शरीर पर मौजूद विशेष पहचान चिह्नों का विवरण भी दर्ज किया है। युवक के दाहिने हाथ पर ‘जय भीम लव’ लिखा हुआ टैटू मिला है। इसे पहचान के लिए महत्वपूर्ण सुराग माना जा रहा है। पुलिस आसपास के थानों को भी सूचना भेज रही है। पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमर नाथ यादव ने बताया कि बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस दुर्घटना, आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। साथ ही मृतक के परिजनों तक सूचना पहुंचाने और उसकी पहचान स्थापित करने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर जारी है। जबकि पुलिस तथ्यात्मक जांच पर जोर दे रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









