बस्ती हत्याकांड में तीसरा आरोपी एनकाउंटर में अरेस्ट: पैर में लगी गोली, 25 हजार का था इनाम

जिला पुलिस ने कप्तानगंज थाना क्षेत्र में हुए चर्चित मनोज तिवारी हत्याकांड के तीसरे फरार आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश की और फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। आरोपी के पास से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घटना के बाद इलाके में पुलिस की कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है।
पूरा मामला तीन मई का है। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कल्याणपुर करचौलिया स्थित समय माता मंदिर के पास सड़क किनारे एक युवक की बॉडी मिली थी। मृतक की पहचान मनोज तिवारी के रूप में हुई थी। बॉडी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। परिवार के लोगों ने हत्या की आशंका जताई थी। इसके बाद मृतक की पत्नी के एप्लीकेशन पर कप्तानगंज थाने में हत्या का केस दर्ज किया गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान कई अहम सुराग मिले, जिसके बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।
दो आरोपी पहले ही हो चुके थे गिरफ्तार
पुलिस ने पांच मई को मामले में दो आरोपियों शिवम गुप्ता और ऋषभ मिश्रा उर्फ राज मिश्रा को अरेस्ट कर लिया था। पूछताछ के दौरान पुलिस को हत्या से जुड़े कई अहम सबूत मिले। आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, एक पिकअप वाहन, खून से सना तौलिया और अन्य सामान बरामद किया गया था। हालांकि घटना का तीसरा आरोपी शिवा विश्वकर्मा लगातार फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। इसके बाद पुलिस की टीमें लगातार उसकी लोकेशन ट्रेस कर रही थीं।
पुलिस पर की फायरिंग
शनिवार तड़के पुलिस गढ़हा गौतम इलाके में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार युवक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी भागने लगा और पीछा किए जाने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही अरेस्ट कर लिया। घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पूरे नेटवर्क की जांच जारी
मामले पर सीओ स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में लगी थी। चेकिंग के दौरान आरोपी ने फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे असली वजह क्या थी और इसमें और कौन-कौन शामिल था।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










