बस्ती में ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक: हादसे में एक युवक की मौत, साथी की हालत गंभीर

जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वहीं उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसा रायपुरा चौराहे के पास हुआ। एक तेज रफ्तार बाइक सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। जिसके बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के मुताबिक बाइक पर सवार दो युवक देर रात किसी काम से जा रहे थे। जैसे ही वे रायपुरा चौराहे के पास पहुंचे। उनकी बाइक अचानक आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। जानकारी के अनुसार बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। जिससे टक्कर के बाद दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। कुछ ही देर में एंबुलेंस पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल बस्ती भेजा गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले युवक की मौत
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सिद्धार्थनगर जिले के खेसरहा थाना क्षेत्र के पुडजा गांव निवासी देवेंद्र पाण्डेय पुत्र दिलीप पाण्डेय के रूप में हुई है। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। जहां परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घायल युवक का इलाज जारी
हादसे में घायल दूसरे युवक की पहचान अनूप यादव पुत्र रामनयन निवासी पुडजा, सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है। उसे जिला अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवक को गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत अभी नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने घायल युवक के परिजनों को फोन के माध्यम से सूचना दे दी है।
पुलिस ने सीज किया वाहन
हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक दोनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक कर रही है। जिससे दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









