बस्ती में कावड़ यात्रा में बदला ट्रैफिक रूट प्लान: 11 अगस्त तक बस्ती-अयोध्या फोरलेन बंद, यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय

कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने बस्ती-अयोध्या फोरलेन पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू कर दी है। 11 अगस्त की रात आठ बजे तक इस मार्ग पर सामान्य वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। इस दौरान गोरखपुर, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर से लखनऊ की ओर जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से यात्रा से पहले नए रूट की जानकारी लेने और यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
डीआईजी संजीव त्यागी ने बताया कि गोरखपुर से लखनऊ जाने वाले वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के जरिए भेजा जाएगा। सिद्धार्थनगर से आने वाले वाहन उतरौला-गोंडा मार्ग से आगे बढ़ेंगे। वहीं, संतकबीरनगर की ओर से आने वाले वाहनों को कांटे, मुंडेरवा, लालगंज और कलवारी होते हुए टांडा पुल के रास्ते पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति से जुड़े वाहनों की आवाजाही सामान्य बनी रहेगी, जबकि रोडवेज बसों, एंबुलेंस, कांवड़ यात्रियों के वाहनों तथा अन्य जरूरी सेवाओं का संचालन प्रशासन आवश्यकता के अनुसार कराएगा।
11 स्थानों पर किया बदलाव
सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि बस्ती शहर में भी 11 स्थानों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। गोरखपुर से लखनऊ जाने वाले वाहन फुटहिया से कलवारी और टांडा के रास्ते पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पहुंचेंगे। वहीं लखनऊ से गोरखपुर आने वाले वाहनों को अयोध्या से सुल्तानपुर रोड और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे होते हुए टांडा व कलवारी के रास्ते बस्ती भेजा जाएगा। सिद्धार्थनगर के वाहन डुमरियागंज, उतरौला और गोंडा मार्ग से आगे बढ़ेंगे।
भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध
कांवड़ मार्ग और शहर के डायवर्जन क्षेत्र में भारी तथा व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। ऐसे वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। यातायात नियंत्रण के लिए प्रमुख स्थानों पर बैरीकेडिंग की गई है और पर्याप्त संख्या में पुलिस व ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की गई है। हालांकि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं को डायवर्जन से मुक्त रखा गया है। प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों और बाहरी वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी वैकल्पिक मार्गों का पालन करें और अनावश्यक यात्रा से बचें।











