बस्ती में दर्दनाक हादसा: मछली खरीदने गोरखपुर जा रहे बाइक सवारों की डेथ, मदद करने रुके युवक को भी बस ने रौंदा

जिले में बुधवार सुबह बस्ती-कांटे मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई है। वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसा उस समय हुआ जब सड़क पर गिरी पेड़ की टहनी से एक बाइक टकरा गई। घायलों की मदद के लिए रुका दूसरा युवक तेज रफ्तार बस की चपेट में आ गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने दोनों बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, पुरानी बस्ती के दक्षिण दरवाजा क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय अंगद और 21 वर्षीय आदित्य निषाद बुधवार सुबह बाइक से गोरखपुर मछली लेने जा रहे थे। दोनों युवक मुंडेरवा थाना क्षेत्र के बनकसही गांव के पास पहुंचे ही थे कि सड़क पर गिरी पेड़ की टहनी से उनकी बाइक टकरा गई। अचानक हुए हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की मदद करना युवक को पड़ा भारी
इसी दौरान सल्टौआ गोपालपुर थाना क्षेत्र के सोनहा निवासी 22 वर्षीय सूरज अपने साथियों के साथ एक बारात से लौट रहा था। सड़क किनारे घायल पड़े युवकों को देखकर सूरज मदद के लिए रुक गया। जानकारी के मुताबिक, वह घायलों को संभालने की कोशिश कर ही रहा था कि तभी बस्ती से गोरखपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सूरज की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में अंगद ने तोड़ा दम
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद अंगद को मृत घोषित कर दिया। वहीं आदित्य निषाद का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार घायल युवक की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है। गांव और मोहल्ले में शोक का माहौल है।
पुलिस कर रही बस की तलाश
पुलिस ने दोनों बॉडी को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरवाने के बाद मर्चरी में रखवा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि फरार बस और उसके चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









