बस्ती में गहरे तालाब में समाए दो मासूम: नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबे, गांव में पसरा मातम

दुबौलिया थाना क्षेत्र के निदूरी गांव में तालाब में नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। दोनों अपने साथियों के साथ तालाब में नहाने पहुंचे थे, लेकिन गहरे पानी में चले जाने से यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद गांव में मातम छा गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान निदूरी गांव निवासी मोहम्मद अहमद पुत्र यूसुफ और नफीस उर्फ गोलू पुत्र मुख्तार के रूप में हुई है। दोनों गांव के अन्य बच्चों के साथ तालाब में नहा रहे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया तो ग्रामीण और परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर दुबौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भरकर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा है। वहीं, पूरे गांव में शोक की लहर है।










