यूपीटीईटी परीक्षा ड्यूटी पर जा रहे हेड कॉन्स्टेबल की मौत: बस्ती में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, तीन लोग गंभीर घायल

बस्ती|2 घंटे पहले
बस्ती में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, तीन लोग गंभीर घायल

जिले में भीषण सड़क हादसे में यूपीटीईटी परीक्षा ड्यूटी पर जा रहे एक हेड कॉन्स्टेबल की मौत हो गई। वहीं, कार में सवार एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-28) पर पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हेड कॉन्स्टेबल कई फीट दूर जा गिरे और उनकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

गोरखपुर के चिलुवापुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर माफी गांव निवासी 51 वर्षीय राजेंद्र यादव वर्ष 2000 में पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे। वर्तमान में बस्ती के मुंडेरवा थाने में हेड कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात थे। उनकी ड्यूटी यूपीटीईटी परीक्षा में लगी थी। वह बाइक से परीक्षा ड्यूटी के लिए निकले थे। थाने से लगभग 20 किलोमीटर दूर, पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र की हड़िया पुलिस चौकी अंतर्गत करही गांव के सामने गोरखपुर-बस्ती लेन पर एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।

भीषण टक्कर में बाइक के उड़े परखच्चे

हादसा इतना भीषण था कि राजेंद्र यादव करीब 20 फुट दूर जा गिरे। उनके सिर में गंभीर चोट आई और एक पैर बुरी तरह टूट गया। इससे हड्डी तक बाहर निकल आई। बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह टूट गया। टक्कर के बाद कार चालक वाहन में सवार घायलों को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

घायलों का अस्पताल में हो रहा इलाज

हादसे में कार सवार देवरिया के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के शिरजम चौराहा निवासी पारस, उनके पुत्र मोहन विश्वकर्मा और बहू मंजू देवी भी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को पुलिस और राहगीरों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मोहन विश्वकर्मा ने बताया कि वह अपने पिता का इलाज कराने के लिए जा रहे थे। वहीं हेड कॉन्स्टेबल राजेंद्र यादव की भी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस ने सीज किया वाहन

पुरानी बस्ती थाना प्रभारी शशांक शेखर राय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया गया है। फरार चालक की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि थाने से मिली जानकारी के अनुसार राजेंद्र यादव सुबह दवा लेने के लिए निकले थे, तभी कार की टक्कर से हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।