गन्ने के खेत में मिली महिला की बॉडी: सिर पर चोट के निशान, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

कलानी गांव में मंगलवार सुबह सनसनी फैल गई। एक महिला की बॉडी गांव के पास स्थित गन्ने के खेत में पड़ी मिली। मृतका की पहचान बदामा देवी के रूप में हुई है। सुबह करीब पांच बजे ग्रामीणों ने खेत में बॉडी देखी और इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। यही वजह है कि महिला की मौत को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। घटनास्थल की परिस्थितियों और शरीर पर मिले चोट के निशानों को देखते हुए मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
जमीन विवाद को लेकर हत्या का आरोप
मृतका के परिजनों ने इस घटना को सामान्य हादसा मानने से इनकार किया है। उनका आरोप है कि परिवार का लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते बदामा देवी की हत्या की गई है। परिजनों का कहना है कि यह एक सुनियोजित वारदात है। इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं ग्रामीणों का भी मानना है कि घटना के पीछे पुरानी दुश्मनी या भूमि विवाद की भूमिका हो सकती है।
सभी पहलुओं पर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार मृतका के परिवार का नाम पूर्व में हुए एक चर्चित गोलीकांड से भी जुड़ चुका है। ऐसे में जांच टीम पुराने विवादों और वर्तमान परिस्थितियों दोनों को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही है। थाना प्रभारी चंदन पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में चर्चा और तनाव का माहौल बना हुआ है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









