रेल हादसे में युवक की दर्दनाक मौत: दो हिस्सों में मिली बॉडी, पिता ने की शिनाख्त

बस्ती|1 घंटा पहले
दो हिस्सों में मिली बॉडी, पिता ने की शिनाख्त

जिले के टिनिच और गोविंदनगर रेलवे स्टेशन के बीच गुरुवार तड़के हुए एक दर्दनाक रेल हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। ट्रेन की चपेट में आने से युवक की बॉडी दो हिस्सों में बंट गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। हादसे के कारण कुछ समय के लिए डाउन रेलवे लाइन पर परिचालन प्रभावित रहा। रेलवे अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई के चलते कुछ ही मिनटों में रेल यातायात सामान्य कर दिया गया।

रेलवे सुरक्षा बल को मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष से सुबह 4:05 बजे सूचना प्राप्त हुई कि टिनिच-गोविंदनगर रेलवे खंड के किलोमीटर संख्या 582/20-18 के पास एक व्यक्ति ट्रेन से कट गया है। सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट बस्ती से सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार पाठक और हेड कांस्टेबल उपेंद्र सिंह घटनास्थल के लिए रवाना हुए। सुबह 4:35 बजे मौके पर पहुंची टीम को पॉइंट्समैन गौरव गुप्ता ने स्टेशन मास्टर द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी से अवगत कराया। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर रेलवे कर्मियों ने देखा कि युवक की बॉडी ट्रेन की चपेट में आने से दो हिस्सों में बंट चुकी थी। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आरपीएफ टीम ने तत्काल बॉडी को ट्रैक से हटवाया और रेलवे लाइन को सुरक्षित कराया। जिसके बाद सुबह 4:39 बजे रेल परिचालन पुनः शुरू कर दिया गया।

जांच में जुटी जीआरपी

घटना की सूचना फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। इसी दौरान मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने मृतक की पहचान अपने पुत्र राजकुमार (30) के रूप में की। मृतक कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मजावा चौबे पूर्वी गांव का निवासी था और गंगाराम का पुत्र बताया गया है। बाद में यूपी-112 और जीआरपी बस्ती की टीम भी मौके पर पहुंची। जीआरपी ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार हादसे के चलते गाड़ी संख्या 15008 करीब दो मिनट विलंबित हुई। फिलहाल जीआरपी और आरपीएफ संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं। हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।