बस्ती में पेड़ से लटका मिला युवक का शव: रात में बिना बताए निकला था घर से, पारिवारिक विवाद की आशंका

पैकोलिया थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक का शव गांव के बाहर पीपल के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजन पारिवारिक विवाद की आशंका जता रहे हैं। वहीं, पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
पैकोलिया थाना क्षेत्र के मुइली गांव निवासी विनय कुमार कन्नौजिया पुत्र बाबूलाल कन्नौजिया शनिवार रात करीब 11 बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की। लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। रविवार सुबह करीब छह बजे खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने गांव के बाहर ईंट भट्ठे के पास स्थित पीपल के पेड़ से उनका शव लटकता देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
परिवार में मचा कोहराम
मृतक अपने पीछे पत्नी, सात वर्षीय बेटे और करीब एक वर्ष की बेटी को छोड़ गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रारंभिक तौर पर परिवार ने पारिवारिक कलह की आशंका जताई है, हालांकि किसी स्पष्ट कारण की पुष्टि नहीं की है।
रिपोर्ट का इंतजार
पैकोलिया थानाध्यक्ष मोतीचंद ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









