गोंडा में पलटा सरिया लदा बेकाबू ट्रक: 2 सगे भाइयों सहित 3 मजदूरों की मौत, हादसे में 4 लोगों की बची जान

गोंडा में गुरुवार सुबह सरिया से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे में ट्रक पर सवार तीन मजदूरों की मौत हो गई। वहीं, चार अन्य ने कूदकर अपनी जान बचा ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसा देहात कोतवाली क्षेत्र के गोंडा-बेलसर मार्ग पर माधवपुर गांव के पास सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। ट्रक गोंडा से लोहे की सरिया लेकर वीरसिंहपुर स्थित टेढ़ी नदी पर बन रहे पुल के निर्माण स्थल की ओर जा रहा था। रास्ते में बारिश के कारण ट्रक सड़क की पटरी पर उतर गया। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक खेत में पलट गया। हादसे के समय ट्रक में कई मजदूर भी सवार थे।
स्थानीय लोगों ने शुरू कराया राहत कार्य
दुर्घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। देहात कोतवाली पुलिस तथा एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल गोंडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने रविंद्र पासवान (31), राजेंद्र पासवान (42) और रामगुलाम पासवान (30) को मृत घोषित कर दिया। चार अन्य मजदूर समय रहते ट्रक से कूद गए। इससे उनकी जान बच गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस के अनुसार तीनों मृतक तरबगंज थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव के निवासी थे। इनमें रविंद्र पासवान और राजेंद्र पासवान सगे भाई थे। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









