युवक की संदिग्ध मौत पर फूटा परिजनों का गुस्सा: बॉडी रखकर गोंडा-लखनऊ हाईवे किया जाम, मौसी के बेटे पर लगाया हत्या का आरोप

कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में 20 वर्षीय युवक राहुल कश्यप की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक की मौत के बाद मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। पोस्टमॉर्टम के बाद बॉडी मिलने पर परिजनों ने गोंडा-लखनऊ हाईवे पर बॉडी रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए नामजद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने तथा तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन के चलते हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जिससे कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। बाद में निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
मृतक के पिता पप्पू कश्यप ने अपने बेटे की मौत को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह करीब 11 बजे राहुल को उसकी मौसी का बेटा पंकज घर से बुलाकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद राहुल वापस नहीं लौटा। परिजनों ने जब उसकी तलाश शुरू की तो उन्हें अलग-अलग स्थानों पर जाने की जानकारी दी गई। पिता का आरोप है कि पहले उन्हें कर्नलगंज रोडवेज बस स्टॉप और फिर रेलवे स्टेशन की ओर भेजा गया। लेकिन देर रात राहुल की बॉडी ब्रह्मचारी स्थान पिपरी के निकट गोंडा-लखनऊ रेलमार्ग के पास मिली। परिजनों का कहना है कि यह सामान्य मौत नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है। जब तक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वे न्याय की मांग करते रहेंगे।
हाईवे पर प्रदर्शन से बाधित हुआ यातायात
सकरौर ग्राम पंचायत के वोटनपुरवा स्थित ब्रह्मचारी स्थान के निकट परिजनों ने बॉडी को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू किया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। प्रदर्शन के कारण गोंडा-लखनऊ हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। प्रशासन की प्राथमिकता यातायात को सुचारु बनाए रखने के साथ-साथ परिजनों की शिकायतों को गंभीरता से सुनना रही।
परिवार का सहारा था राहुल
राहुल कश्यप स्थानीय स्तर पर एक लोहे की दुकान पर वेल्डिंग का काम करता था। इसी रोजगार से अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के अनुसार राहुल मेहनती और जिम्मेदार युवक था। परिवार की आर्थिक स्थिति भी उसके रोजगार पर काफी हद तक निर्भर थी। ऐसे में उसकी मौत ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पुलिस बोली- हर पहलू की हो रही जांच
कर्नलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि राहुल की बॉडी सोमवार को ब्रह्मचारी स्थान पिपरी के पास गोंडा-लखनऊ रेलमार्ग के निकट मिली थी। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए बॉडी का पोस्टमॉर्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया था। उन्होंने बताया कि परिजनों ने पंकज नामक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। जो मृतक की मौसी का बेटा बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद की बात भी सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। जबकि मामले की जांच अभी जारी है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









