किसान की करंट लगने से मौत: खेत की करने गए थे रखवाली, फसल बचाने के तार बने काल

कौड़िया थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में किसान की करंट लगने से मौत हो गई। घटना कोटिया मदारा के राजस्व ग्राम मोहन टेपरा स्थित भुंडरियन पुरवा की है। जहां खेत की रखवाली करने गए 52 वर्षीय किसान लल्लू की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, लल्लू पुत्र जगदीश रोज की तरह सुबह करीब छह बजे अपने खेत की निगरानी के लिए निकले थे। परिजनों का कहना है कि खेत के पास दद्दू पुत्र नान्हे ने अपनी फसल को छुट्टा पशुओं से बचाने के लिए बिजली के तार में करंट प्रवाहित कर रखा था। इसी दौरान अनजाने में लल्लू करंटयुक्त तार के संपर्क में आ गए। गंभीर झटका लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
काफी देर तक घर नहीं लौटे तो शुरू हुई तलाश
परिजनों के मुताबिक, काफी देर तक घर वापस न लौटने पर उनकी तलाश शुरू की गई। ग्रामीणों के साथ खेत पर पहुंचे परिवार के लोगों ने वहां लल्लू की बॉडी पड़ी देखी। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर कौड़िया थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अवैध तरीके से करंट प्रवाहित करने पर उठे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि छुट्टा जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए कई किसान खेतों के चारों ओर बिजली के तारों में अवैध रूप से करंट प्रवाहित कर देते हैं। इससे पहले भी ऐसे हादसे सामने आ चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए। भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह की त्रासदी का सामना न करना पड़े।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









