गोंडा में जिम संचालक ने किया सुसाइड: फंदे से लटकी मिली बॉडी, आत्महत्या के कारणों का नहीं लगा पता

शहर के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित विष्णुपुरी कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर सनसनी फैल गई। एक जिम संचालक की बॉडी किराए के मकान में फंदे से लटकी मिली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। शुरुआती जांच में आत्महत्या का मामला सामने आया है। हालांकि घटना के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय शिवम पटेल के रूप में हुई है। जो शहर के अवध कॉम्प्लेक्स में ‘इंफिनिटी जिम’ का संचालन करते थे। शिवम के पिता दिनेश पटेल बजाज हिंदुस्तान शुगर मिल में कार्यरत हैं। बताया गया कि घटना के समय घर में शिवम अकेला था। जब उनके पिता ड्यूटी खत्म कर वापस लौटे, तो उन्होंने कमरे के अंदर बेटे को फांसी के फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद तुरंत डायल-112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी और सीओ सिटी आनंद राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों की मौजूदगी में बॉडी को नीचे उतारा गया। एंबुलेंस की मदद से गोंडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया।
लंबे समय से गोंडा में रह रहा था परिवार
पुलिस के अनुसार, शिवम का परिवार मूल रूप से बिहार के गोपालगंज जिले का निवासी है। लंबे समय से गोंडा में किराए के मकान में रह रहा था। शिवम फिटनेस इंडस्ट्री से जुड़े हुए था। शहर में अपना जिम संचालित करता था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वह व्यवहार कुशल और मेहनती युवक था। अचानक हुई इस घटना से परिचित और आसपास के लोग भी स्तब्ध हैं।
कमरे से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की है। कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में आत्महत्या के पीछे की वजह को लेकर कई सवाल बने हुए हैं। नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिवार के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।





