गोंडा में मालगाड़ी का डिरेलमेंट: गाजियाबाद से जा रही थी मोतिहारी, रेलवे ने शुरू की तकनीकी जांच

गोंडा रेलवे स्टेशन के निकट बुधवार को गेहूं लदी मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा बड़गांव रेलवे ओवरब्रिज के नीचे रेलवे लाइन संख्या-7 पर हुआ। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और लाइन केवल मालगाड़ियों के संचालन के लिए होने के कारण यात्री ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित नहीं हुआ। सूचना मिलते ही रेलवे की तकनीकी और परिचालन टीमों ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक बहाली का कार्य शुरू कर दिया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार गाजियाबाद से बिहार के मोतिहारी के लिए गेहूं लेकर रवाना हुई 42 डिब्बों वाली मालगाड़ी बुधवार को गोंडा स्टेशन से पहले बड़गांव रेलवे ओवरब्रिज के नीचे पहुंची थी। इसी दौरान ट्रेन की 29वीं बोगी पूरी तरह पटरी से उतर गई। वहीं, उसके पीछे लगी 30वीं बोगी आंशिक रूप से बेपटरी हो गई। झटका महसूस होते ही लोको पायलट ने तत्काल ट्रेन रोक दी और कंट्रोल रूम के साथ स्थानीय रेलवे अधिकारियों को सूचना दी। समय रहते ट्रेन रुक जाने से बड़ा हादसा टल गया।
राहत कार्य में जुटीं रेलवे की टीमें
घटना की सूचना मिलते ही इंजीनियरिंग, परिचालन और तकनीकी विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सबसे पहले प्रभावित ट्रैक को सुरक्षित किया गया, जिसके बाद बेपटरी हुए डिब्बों को दोबारा ट्रैक पर चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की गई। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी ने भी मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। अधिकारियों ने बताया कि रेलवे लाइन संख्या-7 केवल मालगाड़ियों के आवागमन के लिए उपयोग में लाई जाती है, इसलिए यात्री ट्रेनों का संचालन सामान्य रहा।
दुर्घटना के कारणों की हो रही जांच
जीआरपी प्रभारी ने बताया कि हादसे के कारणों की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती स्तर पर ट्रैक की स्थिति, पहियों की तकनीकी खामी और अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। रेलवे का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।
पहले भी दो डिब्बे हुए थे डिरेल
गोंडा रेलवे स्टेशन पर इससे पहले भी एक नवंबर 2025 को पत्थर लदी मालगाड़ी के दो डिब्बे बेपटरी हो गए थे। उस मामले की जांच के बाद संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। लगातार दूसरी बार हुई ऐसी घटना के बाद रेलवे की ट्रैक सुरक्षा और तकनीकी निगरानी व्यवस्था एक बार फिर चर्चा में आ गई है।











