मोटरसाइकिल में टक्कर के बाद बवाल: विरोध करने पर लाठी-डंडों से किया हमला, चार लोग घायल

परसपुर थाना क्षेत्र स्थित पसका बाजार में रास्ते में खड़ी मोटरसाइकिल में टक्कर लगने के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि विरोध करने पर तीन युवकों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। जिसमें चार लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब दो बजे पसका बाजार निवासी श्यामसुंदर ने अपनी मोटरसाइकिल घर के सामने खड़ी की थी। इसी दौरान अभिषेक, भोले और सोहनलाल एक ही बाइक पर सवार होकर वहां से गुजर रहे थे। आरोप है कि उनकी बाइक खड़ी मोटरसाइकिल से टकरा गई। जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर की आवाज सुनकर श्यामसुंदर घर से बाहर आए। घटना पर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
कहासुनी के बाद हिंसक हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, मामूली विवाद कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि तीनों युवकों ने गाली-गलौज करते हुए श्यामसुंदर और उनके परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। इस दौरान लाठी-डंडों और लोहे की रॉड का इस्तेमाल किया गया। मारपीट में श्यामसुंदर, उनके पुत्र सुभाष गुप्ता तथा बीच-बचाव करने पहुंचे प्रेमनाथ और बनवारी लाल घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर पहुंचाया। जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं।
वायरल वीडियो के आधार पर जांच तेज
मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। परसपुर थाना प्रभारी कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि मोटरसाइकिल में टक्कर लगने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। जो बाद में मारपीट में बदल गया। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।











