नवजात की बॉडी लेकर लौट रहा परिवार हादसे का शिकार: गोंडा में डीसीएम से टकराया ऑटो, दादी की मौत

गोंडा|1 घंटा पहले
गोंडा में डीसीएम से टकराया ऑटो, दादी की मौत

जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। नवजात पोती की बॉडी लेकर घर लौट रही दादी की तेज रफ्तार ऑटो और खड़ी डीसीएम की टक्कर में मौत हो गई है। वहीं एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे में मृत महिला की बहू और एक आशा कार्यकर्ता भी घायल हुई हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आक्रोशित लोगों ने ऑटो चालक की जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह हादसा देहात कोतवाली क्षेत्र के बालपुर जाट गांव के पास मंगलवार रात करीब 11 बजे हुआ था। करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के सिकिहा गांव निवासी अर्जुन तिवारी की पत्नी सविता को प्रसव के लिए जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके साथ परिवार की बुजुर्ग महिला मीरा देवी और आशा कार्यकर्ता पुष्पा सिंह मौजूद थीं। मंगलवार देर शाम सविता ने बच्ची को जन्म दिया था। खून की कमी के कारण नवजात की हालत बिगड़ गई और रात में उसकी मौत हो गई।

स्पीड में ऑटो चला रहा था चालक

परिजन नवजात की बॉडी लेकर ऑटो से गांव लौट रहे थे। ऑटो में मीरा देवी, सविता, आशा कार्यकर्ता पुष्पा सिंह और अन्य लोग सवार थे। रास्ते में करनैलगंज निवासी देवी दयाल तिवारी भी ऑटो में बैठ गए। बताया जा रहा है कि ऑटो चालक मोहम्मद उस्मान उर्फ करिया तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। बालपुर जाट गांव के पास सड़क किनारे खड़ी डीसीएम में ऑटो पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में पीछे बैठी मीरा देवी का दाहिना हाथ डीसीएम के लोहे के एंगल में फंसकर कट गया। वह सड़क पर गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं आगे बैठे देवी दयाल तिवारी का भी हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने घायलों को बाहर निकाला।

आधे घंटे तक सड़क पर तड़पती रहीं महिला

स्थानीय लोगों के मुताबिक, एंबुलेंस पहुंचने में देरी के चलते घायल महिला काफी देर तक सड़क पर तड़पती रहीं। बाद में सभी घायलों को गोंडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। डॉक्टरों ने मीरा देवी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

नवजात बच्ची की मौत से पहले ही परिवार शोक में डूबा था। ऐसे में दादी की मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, मीरा देवी पहले ही अपने दो बेटों को खो चुकी थीं और पति की भी कई वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। परिवार खेती-किसानी कर जीवनयापन करता है। देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि ऑटो चालक को हिरासत में ले लिया गया है। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह मानी जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।