गोंडा में पुलिस मुठभेड़: सीमेंट व्यापारी के तीन लुटेरे अरेस्ट, पैर में गोली लगने से एक घायल

जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सीमेंट व्यापारी से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद अरेस्ट कर लिया है। देर रात मनकापुर कोतवाली क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई है। उसके दो अन्य साथी भी पुलिस के हत्थे चढ़ गए है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान ओमप्रकाश यादव, आशीष यादव और प्रदीप वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूट की रकम में से 44 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक अवैध तमंचा बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय लुटेरों के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार चार दिन पहले मनकापुर कोतवाली क्षेत्र में सीमेंट व्यापारी प्रेमनाथ गुप्ता से एक लाख 10 हजार रुपये की लूट की गई थी। व्यापारी विभिन्न व्यापारियों से रुपये एकत्रित कर लौट रहा था। झिलाही मोड़ से आगे बैरिपुर रामनाथ के पास बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने हेलमेट से हमला कर व्यापारी को घायल कर दिया और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली थी।
बदमाशों ने पुलिस टीम पर की फायरिंग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने तत्काल पांच विशेष टीमों का गठन किया था। एसओजी और मनकापुर पुलिस ने संयुक्त रूप से सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद देर रात संदिग्धों की घेराबंदी की गई है। जहां बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में ओमप्रकाश यादव के दाहिने पैर में गोली लग गई। जबकि उसके दोनों साथियों को मौके से दबोच लिया गया।
जांच में जुटी पुलिस
घायल आरोपी को पुलिस सुरक्षा के बीच गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है। मनकापुर कोतवाल गौरव सिंह तोमर ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं। जल्द ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी की जा सकती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध और लूट की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। जिससे व्यापारियों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।





