प्रेम विवाह की रंजिश ने ली जान: बचपन के दोस्त ने गला रेतकर युवक की हत्या की, रास्ते में रोककर किया हमला

वजीरगंज थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह की पुरानी रंजिश खूनी वारदात में बदल गई। डेढ़ वर्ष पहले अपनी प्रेमिका को भगाकर शादी करने वाले युवक की कथित तौर पर उसकी पत्नी के सौतेले भाई ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। दोनों बचपन के दोस्त थे और रिश्ते में चाचा-भतीजे भी लगते थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मृतक की मां की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के पुरवा गांव निवासी 30 वर्षीय आजाद सिंह निजी काम करता था। परिवार में उसकी मां शीला सिंह, छोटा भाई मोनू सिंह, पत्नी पिंकी सिंह और चार माह की बेटी अनामिका हैं। आजाद की मां और छोटा भाई अमृतसर में रहते हैं। वहीं, वह पत्नी और बेटी के साथ नवाबगंज मंडी के पास किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस के अनुसार करीब डेढ़ वर्ष पहले आजाद ने अपने बचपन के दोस्त और रिश्ते में चाचा लगने वाले संदीप सिंह की सौतेली बहन पिंकी सिंह को भगाकर प्रेम विवाह कर लिया था। इस घटना के बाद गांव में पंचायत हुई और आजाद के परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया गया। इसके बाद उसकी मां ने भी उसे परिवार से अलग कर दिया था।
धारदार हथियार से किया हमला
पुलिस के मुताबिक शनिवार शाम गांव निवासी सुरेश विश्वकर्मा आजाद को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए। पिंकी सिंह के अनुसार रात करीब सात बजे आजाद घर से निकला था। करीब नौ बजे उन्हें उसकी हत्या की सूचना मिली। जांच में सामने आया कि आजाद चिलमपुर गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। कार्यक्रम से पहले वह सुरेश विश्वकर्मा के साथ रास्ते में रुका था। इसी दौरान वहां संदीप सिंह पहुंच गया। बहन को भगाकर शादी करने की पुरानी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर संदीप सिंह ने धारदार हथियार से आजाद के गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल आजाद ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज
चिलमपुर गांव निवासी ने बताया कि घटना उनके घर के सामने हुई। उस समय वह परिवार के साथ एक निमंत्रण कार्यक्रम में गए थे। लौटते समय लोगों ने सड़क किनारे किसी व्यक्ति के पड़े होने की जानकारी दी। पहले उन्हें लगा कि कोई नशे की हालत में पड़ा होगा। लेकिन पास जाकर देखा तो युवक खून से लथपथ था। इसके बाद उन्होंने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
दो आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
एएसपी पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि बॉडी मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मृतक के मोबाइल से संपर्क नंबर निकालकर उसकी मां और पत्नी को घटना की जानकारी दी गई। मृतक की मां शीला सिंह की तहरीर पर संदीप सिंह और गांव निवासी सुरेश विश्वकर्मा के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









