गोंडा को सीएम योगी ने दी 516 करोड़ की सौगात: 262 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, करनैलगंज और कटरा बाजार क्षेत्र को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोंडा जिले के करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र के चकरौत गांव में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने 516 करोड़ रुपये की लागत वाली 262 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं के माध्यम से करनैलगंज और कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास को गति मिलेगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और आम नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया। सांसद ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को देशभर में विभिन्न नामों और उपाधियों से जाना जाता है। लेकिन उनके लिए योगी आदित्यनाथ एक मार्गदर्शक और अभिभावक की भूमिका में हैं। सांसद ने उन्हें अपना आदर्श बताया। कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
क्षेत्रीय विकास को देंगी नई दिशा
मुख्यमंत्री ने कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र में 19.23 करोड़ रुपये की 16 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 236.62 करोड़ रुपये की 84 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। वहीं करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र में 64.92 करोड़ रुपये की 32 परियोजनाओं का लोकार्पण और 194.86 करोड़ रुपये की 130 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। कुल मिलाकर 516 करोड़ रुपये की 262 परियोजनाएं क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देंगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर देवीपाटन मंडल के विभिन्न जिलों से पुलिस बल तैनात किया गया था। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की गई। सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की विशेष नजर रही। अधिकारियों के अनुसार जनसभा में 50 हजार से अधिक लोगों की मौजूदगी रही।
कार्यक्रम में मौजूद लोग
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में कैसरगंज से बीजेपी सांसद व बृजभूषण के बेटे करण भूषण सिंह, गोंडा सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, गोंडा जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा, मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री, मेहनौंन विधायक विनय कुमार द्विवेदी, कटरा बाजार विधायक बावन सिंह, करनैलगंज विधायक अजय सिंह, तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडेय, गौरा विधायक प्रभात कुमार वर्मा और गोंडा-बलरामपुर एमएलसी अवधेश कुमार उर्फ मंजू सिंह मौजूद हैं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









