गोंडा में महिला की संदिग्ध मौत: गले पर मिले फंदे के निशान, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

मनकापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित बक्सरा गांव में रविवार दोपहर एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव घर के कमरे के भीतर मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में गले पर फंदे के निशान मिलने से फांसी लगने की आशंका जताई गई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
मृतका की पहचान लक्ष्मी, पत्नी राजकुमार, निवासी बक्सरा गांव के रूप में हुई है। घटना की सूचना महिला के पति राजकुमार और परिवार के अन्य सदस्यों ने मनकापुर कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव का पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने मौके से साक्ष्य जुटाए।
प्रथम दृष्टया फांसी की आशंका
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला ने घर के भीतर फांसी लगाई हो सकती है। हालांकि परिजनों ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही शव को नीचे उतारकर बिस्तर पर लिटा दिया था। जांच के दौरान महिला के गले पर फंदे जैसे स्पष्ट निशान मिले हैं। पुलिस सभी परिस्थितियों की पड़ताल करते हुए घटना के हर पहलू की जांच कर रही है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
मनकापुर कोतवाल गौरव सिंह तोमर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही होगी। पुलिस मृतका के पति, परिवार के अन्य सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से दी जाने वाली तहरीर और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









