गोरखपुर में ओमेक्स ग्रुप बसाएगा सपनों का शहरः: तालजहदा व गायघाट में 104 एकड़ में बनेगी अत्याधुनिक टाॅउनशिप, जीडीए ने डीपीआर को दी मंजूरी

गोरखपुर|06 मार्च 2026
तालजहदा व गायघाट में 104 एकड़ में बनेगी अत्याधुनिक टाॅउनशिप, जीडीए ने डीपीआर को दी मंजूरी

गोरखपुर की तस्वीर तेजी से बदल रही है। बीते पांच-छह सालों में शहर की सड़कें टू-लेन से फोरलेन में तब्दील हो गईं। सिटी के सभी व्यस्ततम चैराहों पर अब फ्लाईओवर बन चुके हैं, इससे ट्रैफिक का दबाव कम हो रहा है। रामगढ़ताल व चिलुआताल के साथ ही अन्य पर्यटन विकास की संभावनाओं पर भी काम चल रहा है। तेजी से विकास कर रहे शहर में ग्रामीण अंचल के साथ ही आस-पास के जिलों व पड़ोसी राज्य बिहार और पड़ोसी देश नेपाल के लोग भी आकर बसना चाहते हैं। यहां माॅर्डन इंटीग्रेटेड टाॅउनशिप की मांग लंबे अरसे से की जा रही है। जहां एक ओर गोरखपुर विकास प्राधिकरण मॉर्डन टाॅउनशिप बना रहा है तो वहीं अब प्राइवेट बिल्डर्स के लिए भी निर्माण के द्वार खोल दिए गए हैं।

सिटी में पहली बार ओमेक्स ग्रुप की ओर अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त इंटीग्रेटेड टाॅउनशिप का निर्माण किया जाएगा। इसको लेकर सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। जीडीए ने टाॅउनशिप के डीपीआर को अपनी मंजूरी दे दी है। अब इसे शासन में अप्रूवल के लिए भेजा गया है। ओमेक्स ग्रुप ने यूपी टाॅउनशिप नीति के तहत ग्राम तालजहदा और गायघाट में इंटीग्रेटेड टाॅउनशिप बनाने के लिए जीडीए से अनुमति मांगी थी। प्राधिकरण ने निजी कंपनी के आवेदन पर गहन मंथन के बाद अब डीपीआर को मंजूरी दे दी है। शासन से हरी झंडी मिलते ही टाॅउनशिप की नींव पड़ जाएगी। अगर सबकुछ ठीक रहा तो आने वाले दो से तीन सालों के अंदर इस अत्याधुनिक टाॅउनशिप में लोग अपने सपनों का घर खरीद सकेंगे।

दो गावों के 104 एकड़ जमीन पर बनेगी टाॅउनशिप

जीडीए के विस्तारित क्षेत्र में इंटीग्रेटेड टाॅउनशिप को ग्राम ताल जहदा और गायघाट की 104.92 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा। गोरखपुर विकास प्राधिकरण इस परियोजना को सेटेलाइट प्रोजेक्ट के रूप में देख रहा है। ओमेक्स ग्रुप की अत्याधुनिक टाॅउनशिप से सोनौली और कुशीनगर रोड की बेहतरीन कनेक्टिविटी होगी। इससे नौकरीपेशा व बिजनेस वर्ग के लोगों केे लिए आस-पास के शहरों की यात्रा आसान हो जाएगी। इस टाॅउनशिप में हायर इनकम ग्रुप के विभिन्न आवास व भूखंडों केे साथ ही मीडियम इनकम ग्रुप व लोवर इनकम ग्रुप के लिए भी आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी

टाॅउनशिप में स्कूल व अस्पताल भी

ओमेक्स ग्रुप की इस अत्याधुनिक टाॅउनशिप में विभिन्न श्रेणी के आवासीय भूखंड और अपार्टमेंट के साथ ही आधुनिक विला और प्री-प्लान आवासीय ब्लाक होंगे। यहां पर रहने वाले लोगों के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिल सके इसलिए टाॅउनशिप में स्कूल भी बनाया जाएगा। इसके अलावा अस्पताल, शाॅपिंग काम्पलेक्स, कामर्शियल शोरुम, पाॅवर हाउस, चौड़ी सड़कें, पार्क, बेहतर पार्किंग फैसिलिटी के साथ ही जलनिकासी की समुचित व्यवस्होथा भी होगी।

मई में शुरु हो सकता है निर्माण

जीडीए सचिव पुष्पराज सिंह ने बताया कि इस अत्याधुनिक टाॅउनशिप के निर्माण के लिए जीडीए के स्तर पर सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। डीपीआर को अंतिम मंजूरी के लिए शासन को भेजा गया है। वहां से अप्रूवल मिलते ही निर्माण कार्य शुरु हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मई तक काम शुरु होने की संभावना है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।