गोरखपुर में बीजेपी नेता पर जानलेवा हमला: पीठ में लगी गोली; हालत गंभीर, बाइक सवार हमलावर अंधेरे में फरार

गोरखपुर|02 मई 2026
पीठ में लगी गोली; हालत गंभीर, बाइक सवार हमलावर अंधेरे में फरार

जिले में शुक्रवार रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। भारतीय जनता पार्टी के नेता राधामोहन सिंह को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। घटना रात करीब 8:45 बजे की है। उस समय वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि वह बुलेट बाइक से अकेले घर जा रहे थे। रास्ते में घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली उनकी पीठ में जा धंसी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े। आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना गगहा थाना क्षेत्र के भैसहा गांव के पास कैथवलिया बंधे के रास्ते पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर बाइक पर सवार थे। उन्होंने अचानक हमला किया और लगातार गोलियां चलाईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस को सूचना मिलते ही इलाके में नाकाबंदी की गई, लेकिन हमलावरों का कोई सुराग नहीं मिला।

मेडिकल कॉलेज रेफर

घायल नेता को तुरंत पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गगहा ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज किया। लेकिन हालत गंभीर होने और गोली शरीर में फंसी होने के कारण उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। पुलिस अधिकारी भी अस्पताल में मौजूद रहे।

पुरानी रंजिश में हमला, चार लोगों पर आरोप

घायल राधामोहन सिंह ने बयान में गांव के ही चार लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह वारदात पुरानी रंजिश के चलते की गई है। बताया जा रहा है कि पहले भी इन लोगों के खिलाफ छेड़खानी का केस दर्ज कराया गया था। उस मामले में आरोपी जेल भी गए थे। अब जमानत पर बाहर आने के बाद वे लगातार उनकी रेकी कर रहे थे। नेता ने यह भी दावा किया कि उन्होंने पहले पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है। अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दिनेश कुमार पूरी के अनुसार, आरोपियों की तलाश में चार टीमें बनाई गई हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं, इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। भैसहा गांव और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

राजनीतिक और सामाजिक हलचल

घटना के बाद इलाके में राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। बड़ी संख्या में समर्थक और शुभचिंतक अस्पताल पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए अस्पताल परिसर में भी अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। राधामोहन सिंह पहले हिंदू युवा वाहिनी के जिला उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। इलाके में उनका अच्छा खासा प्रभाव माना जाता है।

लापरवाही के आरोप

इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। पीड़ित ने पहले ही खतरे की आशंका जताई थी। इसके बावजूद समय रहते कार्रवाई नहीं हुई। अब इस हमले के बाद पुलिस पर दबाव बढ़ गया है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।

जल्द गिरफ्तारी का दावा

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में तेजी से कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस हमले का खुलासा कर दिया जाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।