कमिश्नर ने विकास कार्यों पर लिया एक्शन: 15 दिन में पूरा करें सिक्सलेन नाला, बरसात से पहले काम में लाएं तेजी

गोरखपुर|1 घंटा पहले
15 दिन में पूरा करें सिक्सलेन नाला, बरसात से पहले काम में लाएं तेजी

मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने जिले में 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून को देखते हुए अधिकतम परियोजनाओं का कार्य बरसात से पहले पूरा कर लिया जाए। इससे आम लोगों को राहत मिलेगी। अधूरी परियोजनाओं के कारण आवागमन और जलनिकासी संबंधी समस्याएं न उत्पन्न हों। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने पैडलेगंज-नौसढ़ सिक्सलेन मार्ग के किनारे निर्माणाधीन नाले का कार्य अगले 15 दिनों में पूरा करने का स्पष्ट निर्देश दिया।

आयुक्त सभागार में आयोजित बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि एचएन सिंह चौराहा से हड़हवा फाटक होते हुए गोरखनाथ मंदिर मार्ग तक चल रहे निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। इससे बरसात से पहले इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन सुचारु रूप से शुरू हो सके। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि सड़क चौड़ीकरण और अन्य निर्माण कार्यों में आने वाली बाधाओं का आपसी समन्वय के माध्यम से तत्काल समाधान किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप पूरे हों। देवरिया बाईपास मार्ग पर छूटे हुए पैचवर्क को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।

15 जुलाई तक पूरे हों प्रमुख नाला निर्माण कार्य

मंडलायुक्त ने नगर निगम और जल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और रिजॉर्ट्स के सामने चल रहे नाला निर्माण कार्य हर हाल में 15 जुलाई तक पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने नालों के बेड की तकनीकी जांच कराने पर भी विशेष जोर दिया। चारफाटक-असुरन मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने कार्यदायी संस्था को रेलवे प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर काम में तेजी लाने को कहा। साथ ही वहां स्थित वाटर टैंक और दो मंदिरों को स्थानांतरित कर परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के दौरे से पहले पूरी हों अहम परियोजनाएं

बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले गोरखपुर-खजनी-सिकरीगंज मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य पूरा कर लिया जाए। इसके अलावा हर्बर्ट बांध फोरलेन परियोजना को भी 15 जुलाई तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। विरासत गलियारा परियोजना में अतिरिक्त श्रमिकों और मशीनों की तैनाती कर कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बाजार क्षेत्र की दुकानों के फसाड को एकरूप स्वरूप देने तथा एक ही रंग में रंगने पर भी जोर दिया।

बांध के किनारे कराई जाए बोल्डर पिचिंग

इसके साथ ही डोमिनगढ़ से माधोपुर बांध होते हुए सोनौली मार्ग तक फोरलेन चौड़ीकरण कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने कहा कि बांध के किनारे बोल्डर पिचिंग कराई जाए। इससे बाढ़ के दौरान कटाव की आशंका को कम किया जा सके। बैठक में जिलाधिकारी दीपक मीणा, नगर आयुक्त अजय जैन, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।