डीडीयू में आरईटी इंटरव्यू की बदली डेट: अब 4 से 7 मई तक होंगे एलएलबी के इंटरव्यू, बिना एडमिट कार्ड के नहीं मिलेगी एंट्री

डीडीयू में आरईटी इंटरव्यू को लेकर बड़ा अपडेट आया है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने एलएलबी सब्जेक्ट के इंटरव्यू की तारीखों में बदलाव किया है। पहले यह इंटरव्यू 21 से 24 अप्रैल के बीच होना था। अब इसे आगे बढ़ाकर 4 से 7 मई के बीच आयोजित किया जाएगा। इस बदलाव की जानकारी ऑफिशियल लेवल पर दी गई है। बताया गया है कि कुछ प्रशासनिक कारणों की वजह से डेट बदली गई है। ऐसे में सभी अभ्यर्थियों को नई तारीखों के अनुसार तैयारी करनी होगी।
लॉ फैकल्टी के एचओडी और डीन प्रोफेसर चंद्रशेखर ने इंटरव्यू को लेकर जरूरी निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि सभी उम्मीदवारों का रिपोर्टिंग टाइम तय कर दिया गया है। फुल टाइम और पार्ट टाइम दोनों कैटेगरी के अभ्यर्थियों को सुबह 10:30 बजे से 11:30 बजे के बीच रिपोर्ट करना होगा। यह टाइम स्लॉट सभी के लिए अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने रोल नंबर के अनुसार तय तारीख पर ही पहुंचे। साथ ही एडमिट कार्ड लेकर आना जरूरी होगा। बिना एडमिट कार्ड एंट्री नहीं मिलेगी।
दिनवार शेड्यूल और रोल नंबर डिटेल
यूनिवर्सिटी ने इंटरव्यू के लिए पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। इसे रोल नंबर के आधार पर बांटा गया है।
- 4 मई 2026 को रोल नंबर 35261001 से 35261041 तक के उम्मीदवार इंटरव्यू देंगे।
- 5 मई 2026 को रोल नंबर 35261042 से 35261078 तक के उम्मीदवार शामिल होंगे।
- 6 मई 2026 को रोल नंबर 35261079 से 35261117 तक के अभ्यर्थियों की बारी होगी।
- 7 मई 2026 को रोल नंबर 35261118 से 35261147 तक के उम्मीदवार बुलाए गए हैं। इसी दिन छूटे हुए अभ्यर्थियों को भी मौका मिलेगा।
- इसके अलावा 7 मई को ही अंशकालिक (पार्ट टाइम) पीएचडी के सभी अभ्यर्थियों का इंटरव्यू भी होगा।
इंटरव्यू के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट
इंटरव्यू में शामिल होने वाले सभी उम्मीदवारों को कुछ जरूरी डॉक्यूमेंट साथ लाने होंगे। इसमें मूल प्रमाण पत्र अनिवार्य हैं। अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षणिक सर्टिफिकेट, आरक्षण से जुड़े डॉक्यूमेंट और एनईटी/ जेआरएफ के मूल प्रमाण पत्र साथ लाने होंगे। इसके साथ एक सेट फोटोकॉपी भी देना जरूरी होगा। फुल टाइम पीएचडी प्रोग्राम के उम्मीदवारों के लिए अतिरिक्त निर्देश भी जारी किए गए हैं। उन्हें अपने रिसर्च सिनॉप्सिस की तैयारी करके आना होगा।
पीपीटी और हार्ड कॉपी अनिवार्य
फुल टाइम कैंडिडेट्स को इंटरव्यू के दौरान अपनी तैयारी प्रेजेंट करनी होगी। इसके लिए उन्हें पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन बनाना होगा। यह प्रेजेंटेशन पेन ड्राइव में लेकर आना अनिवार्य है। इसके साथ ही सिनॉप्सिस की हार्ड कॉपी भी लानी होगी। इसकी दो प्रतियां जमा करनी होंगी। बिना इसके इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी नहीं मानी जाएगी।
समय पर पहुंचे, नहीं मिलेगा दूसरा मौका
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने साफ कर दिया है कि समय का पालन बहुत जरूरी है। जो उम्मीदवार तय समय पर नहीं पहुंचेंगे, उन्हें परेशानी हो सकती है। इसलिए सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे पहले से तैयारी रखें। तय तारीख और समय पर ही लॉ फैकल्टी पहुंचें।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










