31 अगस्त तक पूरे होंगे विकास कार्य: खोराबार योजना में फिर शुरू होगी कब्जा प्रक्रिया, अधिकारियों ने की विकास कार्यों की समीक्षा

गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी परियोजना के विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। 217 आवासीय भूखंडों का विकास 31 अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है, ताकि इसके बाद आवंटियों को कब्जा दिया जा सके। जीडीए ने अन्य प्रमुख परियोजनाओं की भी समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी समेत विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में 217 आवासीय भूखंडों के विकास कार्यों को 31 अगस्त तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि यदि किसी परियोजना में कोई बाधा आ रही हो तो आपसी समन्वय से उसका तत्काल समाधान किया जाए। समीक्षा के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद उनका लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों कराने की तैयारी की जाएगी।
फ्लैट, रिंग रोड, कन्वेंशन सेंटर और नक्षत्रशाला के लिए तय हुई समयसीमा
खोराबार आवासीय योजना में सड़कों, नालियों, पार्कों और आवासीय भूखंडों के विकास कार्यों के साथ एलआईजी, ईडब्ल्यूएस, एमआईजी और मिनी एमआईजी फ्लैटों का निर्माण भी चल रहा है। जीडीए उपाध्यक्ष ने निर्देश दिया कि फ्लैट निर्माण का कार्य अक्टूबर 2026 तक पूरा कर लिया जाए। इसके अलावा ताल रिंग रोड के दूसरे चरण की भी समीक्षा की गई। इस परियोजना को सितंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
बैठक में मौजूद अधिकारी
बैठक में बशारतपुर स्थित कन्वेंशन सेंटर को 31 जुलाई तथा नकहा नंबर-2 के कन्वेंशन सेंटर को 15 अगस्त तक तैयार करने के निर्देश दिए गए। वहीं वीर बहादुर सिंह नक्षत्रशाला के आधुनिकीकरण और ज्ञान-विज्ञान वाटिका के निर्माण कार्य 20 सितंबर तक पूरा करने को कहा गया। बैठक में ओएसडी प्रखर उत्तम, प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह, अधिशासी अभियंता राकेश प्रताप, संजय सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।











